#LatestHindiNews देश दुनिया को प्रभावित करने वाली आज की सबसे बड़ी ख़बरें 22 July 2019

latest-hindi-news-of-22-july-2019

प्रभासाक्षी की विशेष पेशकश दिनभर की बड़ी ख़बरों से सम्बंधित बुलेटिन में पेश हैं आज की बड़ी ख़बरें। हमारा यह नया प्रयास आपको कैसा लगा इसके बारे में अपनी प्रतिक्रियाएं हमें अवश्य भेजें।

सावन के पहले सोमवार के मौके पर भोर से ही शिवालयों में गूंज उठा ऊं नम: शिवाय

पहले सोमवार के मौके पर भोलेनाथ को रिझाने के लिए शिवालयों में भोर से ही लाखों श्रद्धालुओं का तांता लग गया। सभी ने शिव को प्रसन्‍न करने के लिए उन्‍हें अत्‍यंत प्रिय भांग-धतूरा चढ़ाकर अपनी मुरादों की अर्जी लगाई। भोले की भक्ति का यह नजारा देश के हर शिवालय में देखने को मिला।

चांद का हाल जानने आज रवाना होगा चंद्रयान-2

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने अपने दूसरे चंद्र अभियान के लिए फिर कमर कस ली है। आज दोपहर 2.43 बजे पर इसरो का "बाहुबली" रॉकेट GSLV Mk-III अपने साथ चंद्रयान-2 को लेकर उड़ान भरेगा। इस लॉचिंग के लिए कल शाम छह बजकर 43 मिनट पर काउंटडाउन शुरू किया गया था। पहले यह प्रक्षेपण 15 जुलाई की तड़के दो बजकर 51 मिनट पर प्रस्तावित था। हालांकि प्रक्षेपण से करीब घंटेभर पहले रॉकेट में गड़बड़ी के कारण अभियान को रोकना पड़ा था।

कर्नाटक विधानसभा में आज होगा सरकार के भविष्य का फैसला

कर्नाटक में कांग्रेस-JDS सरकार का फैसला आज विधानसभा में विश्वासमत से होने की संभावना है। वहीं मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी ने बागी विधायकों से वापस लौटने और सदन में चर्चा के दौरान भाजपा को ‘बेनकाब’ करने की अपील की। हालांकि बागी विधायकों ने सत्र में हिस्सा लेने की संभावना खारिज की। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बी एस येदियुरप्पा ने भरोसा जताया है कि कल (सोमवार) कुमारस्वामी सरकार का आखिरी दिन होगा।

स्वच्छता अभियान पर बोलीं प्रज्ञा ठाकुर, मैं नाली साफ करने के लिए नहीं बनी हूं सांसद

भोपाल लोकसभा सीट की भाजपा सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने एक बार फिर विवादित बयान दिया है। उन्होंने रविवार को कहा कि वह नाली एवं शौचालय साफ करने के लिए सांसद नहीं बनीं हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दो अक्टूबर 2014 को देश भर में एक राष्ट्रीय आंदोलन के रूप में स्वच्छ भारत मिशन की शुरुआत की थी। इसके तहत मोदी ने स्वयं झाड़ू उठाई थी। इसके बाद कई नेताओं, अभिनेताओं और जिलाधिकारियों सहित कई हस्तियों ने भी इस सफाई अभियान में भाग लिया। कुछ ने तो नालियां तक साफ की। प्रज्ञा का यह बयान इस सफाई अभियान के खिलाफ माना जा रहा है।

सत्यपाल मलिक ने कहा बेगुनाहों की जगह भ्रष्ट नेताओं की हत्या करें आतंकवादी

जम्मू कश्मीर के राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने रविवार को आतंकवादियों से कहा कि वे सुरक्षाकर्मियों समेत बेगुनाहों की हत्या करना बंद करें और इसके बजाय उन लोगों को निशाना बनायें, जिन्होंने वर्षों तक कश्मीर की सम्पदा को लूटा है। राज्यपाल के इस बयान पर राजनीतिक विवाद उत्पन्न हो सकता है। राज्यपाल के इस बयान की मुख्यधारा के नेताओं ने आलोचना की है।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़