#LatestHindiNews देश दुनिया को प्रभावित करने वाली आज की सबसे बड़ी ख़बरें 31 August 2019

latest-hindi-news-of-31-august-2019

प्रभासाक्षी की विशेष पेशकश दिनभर की बड़ी ख़बरों से सम्बंधित बुलेटिन में पेश हैं आज की बड़ी ख़बरें। हमारा यह नया प्रयास आपको कैसा लगा इसके बारे में अपनी प्रतिक्रियाएं हमें अवश्य भेजें।

असम के लिए NRC की फाइनल सूची जारी, 19.07 लाख लोग बाहर

नागरिकों के राष्ट्रीय रजिस्टर की अंतिम सूची प्रकाशित कर दी गई है। गृह मंत्रालय ने यह सूची जारी की। राष्ट्रीय रजिस्टर की अंतिम सूची प्रकाशित होने से पहले सरकार ने असम के सभी जिलों में धारा 144 लगा रखी है। यह सूची ऑनलाइन जारी की गई है। अंतिम एनआरसी में 3.11 करोड़ आवेदकों के नाम शामिल हैं जबकि 19.07 लाख को इससे बाहर रखा गया है। आवेदन रसीद संख्या (एआरएन) का इस्तेमाल कर लोग अपने नाम ऑनलाइन देख सकते हैं। वहीं दूसरी ओर भाजपा दिल्ली के प्रमुख मनोज तिवारी ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में भी नागरिकों के NRC की जरूरत है क्योंकि स्थिति खतरनाक होती जा रही है।

PMO में बड़ा फेरबदल, 3 डिप्टी सेक्रेटरी समेत 5 अधिकारियों की नियुक्ति

प्रधानमंत्री कार्यालय में बड़ा फेरबदल किया गया है। आर्थिक कार्य विभाग के संयुक्त सचिव अरविंद श्रीवास्तव को अहम जिम्मेदारी दी गई है. उनको प्रधानमंत्री कार्यालय में संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही केंद्रीय पर्यावरण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर के मौजूदा निजी सचिव हार्दिक शाह को पीएमओ में डिप्टी सचिव बनाया गया है। इसके अलावा 2006 बैच के अधिकारी अभिषेक शुक्ला और 2007 बैच के प्रतीक माथुर को भी पीएमओ में डिप्टी सचिव नियुक्त किया गया है। वहीं, इंडियन ऑडिट एंड अकाउंट्स सर्विस के अधिकारी सौरभ शुक्ला को भी डिप्टी सचिव बनाया गया है।

मुश्किल में राहुल, मोदी को चोरों का सरदार कहने पर कोर्ट ने जारी किया समन

राफेल सौदे को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की आलोचना करने के दौरान उन्हें चोरों का सरदार कहने पर दायर की गयी एक मानहानि शिकायत पर मुंबई की एक अदालत ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को समन जारी किया है। गिरगाम मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट ने समन जारी करते हुए वायनाड के कांग्रेस सांसद को तीन अक्टूबर को अदालत में पेश होने का निर्देश दिया।

GDP विकास दर घटकर 5 प्रतिशत पर, कांग्रेस ने GDP पर मोदी सरकार को घेरा

आर्थिक मोर्चे पर मोदी सरकार को जबरदस्त झटका लगा है। विकास दर सात साल के न्यूनतम स्तर पर है। मौजूदा वित्तीय वर्ष की पहली तिमाही में जीडीपी 5 फीसदी पर पहुंच चुकी है जबकि पिछले वर्ष यह 5.8 फीसदी पर थी। गिरते विकास दर को लेकर कांग्रेस ने मोदी सरकार को घेरा है और 5 फीसदी के आंकड़े पर भी सवाल उठाए हैं।

पुलिस ने कहा- कश्मीर घाटी में हालात सामान्य, अफवाहों पर ध्यान न दें

जम्मू और कश्मीर में हालात बिल्कुल शांत हैं। खासकर घाटी में हालात पुलिस के काबू में हैं। जम्मू और कश्मीर पुलिस ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। पुलिस ने इसके साथ वहां के स्थानीय लोगों को शुक्रिया भी कहा। पुलिस ने कहा कि जो भी लोग फेक न्यूज फैला रहे हैं हमने उनकी पहचान कर ली है। प्रक्रिया के तहत कानूनी उपाय किए जाएंगे। शांति भंग करने के लिए बनाई गई किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़