सर्वे में ज्योतिरादित्य को जनसमर्थन तो शिवराज को लगा झटका

madhya-pradesh-assembly-election-2018-survey

देश के तीन राज्यों में साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सी वोटर का सर्वे सामने आया है। इस सर्वे में भाजपा को मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में सत्ता से बाहर होते हुए दिखाया गया है।

भोपाल। देश के तीन राज्यों में साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सी वोटर का सर्वे सामने आया है।  इस सर्वे में भाजपा को मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में सत्ता से बाहर होते हुए दिखाया गया है। सोमवार को जारी हुए ओपिनियन पोल के मुताबिक इन राज्यों में जनता की पहली पसंद कांग्रेस बताई जा रही है, जबकि बीजेपी को गहरा झटका लगा है और वह दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। 

हालांकि मुख्यमंत्री के तौर पर देखा जाए तो मध्य प्रदेश में शिवराज आज भी लोगों की पहली पसंद हैं, भले ही बीजेपी को सत्ता में न देखना चाहते हो। वहीं, कांग्रेस की तरफ से मुख्यमंत्री उम्मीदवार को लेकर जनता के बीच बंटवारा देखने को मिल रहा है क्योंकि ज्योतिरादित्य सिंधिया को कमलनाथ की तुलना में काफी ज्यादा समर्थन प्राप्त है। मुख्यमंत्री उम्मीदवार की आलोचनाओं का दौर भी जारी है। मध्य प्रदेश में शिवराज सिंह चौहान को प्रदेश की 42 फीसदी जनता ने पसंद किया है, जबकि ज्योतिरादित्य को पसंद करने वालों की संख्या 30 फीसदी है। वहीं, देश में मोदी की आंधी के बावजूद मध्य प्रदेश में कांग्रेस की लाज रखने वाले कमलनाथ को महज 7 फीसदी लोग ही मुख्यमंत्री बनता हुआ देखना चाहते हैं।

अब एक नजर सी-वोटर्स के सर्वे पर:

मध्य प्रदेश में विधानसभा की कुल  230 सीटें हैं और प्रदेश में होने वाले चुनाव को 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव का सेमीफाइनल माना जा रहा है। प्रदेश के इस चुनाव में किसी भी पार्टी को बहुमत के लिए 116 के आंकड़े तक पहुंचना होगा। ऐसे में लोगों के मन में तो यही आता है कि 15 साल से सत्ता में काबिज बीजेपी ही लोगों की पसंद होगी क्योंकि कांग्रेस में आपसी मतभेद आज भी जारी हैं।

आपका सोचना तो बिल्कुल ठीक है, लेकिन सर्वे में सामने आया कि मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनाव में बीजेपी को 60 सीटों का नुकसान होने वाला है। सर्वे के मुताबिक राज्य की जनता की पहली पसंद 117 सीटों के साथ कांग्रेस है, जबकि दूसरे स्थान पर बीजेपी को 106 सीटों से ही संतोष करना पड़ेगा और अन्य की बात की जाए तो इस बार 7 सीटें उन्हें मिलती हुई दिखाई दे रही हैं। 

मध्य प्रदेश की वर्तमान सीटों की बात की जाए तो भाजपा के पास 166 सीटें हैं, कांग्रेस के पास 57 जबकि अन्य के पास 7 सीटें हैं। वर्तमान की तुलना में सीवोटर के आंकड़े यही दर्शा रहे हैं कि मध्य प्रदेश से मोदी सरकार की लहर कम हुई है। यही वजह है कि 15 साल से सत्ता से बाहर कांग्रेस के प्रति लोगों का विश्वास पुन: जागृत हुआ है।  

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़