Maharashtra Cabinet ने दी मंजूरी, 42.30 लाख BPL किसानों को मिलेगा 3 माह तक मुफ्त राशन

Maharashtra Cabinet ने दी मंजूरी, 42.30 लाख BPL किसानों को मिलेगा 3 माह तक मुफ्त राशन
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

महाराष्ट्र सरकार ने सूखे के बीच प्रत्यक्ष लाभ अंतरण योजना से बाहर रहे 33 जिलों के गरीब किसानों को राहत देने का फैसला किया है। इसके तहत लाभार्थियों को प्रतिमाह प्रति व्यक्ति तीन किलो चावल और दो किलो गेहूं मुफ्त दिया जाएगा। बैठक में नंदुरबार में नर्मदा-तापी नदी जोड़ो परियोजना के लिए 5,548 करोड़ रुपये को भी स्वीकृति मिली।

सूखे के बीच, महाराष्ट्र मंत्रिमंडल ने बुधवार को 33 जिलों के गरीबी रेखा से नीचे (बीपीएल) के 42.30 लाख किसानों को अगले तीन महीनों के लिए मुफ्त खाद्यान्न उपलब्ध कराने की मंजूरी दी, जो प्रत्यक्ष लाभ अंतरण योजना के अंतर्गत शामिल नहीं हैं। मंत्रिमंडल ने नंदुरबार जिले में नर्मदा-तापी नदी-जोड़ो परियोजना (एनटीआरएलपी) के लिए 5,548 करोड़ रुपये भी मंजूर किए। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की साप्ताहिक बैठक के बाद जारी एक बयान के अनुसार, खाद्य सुरक्षा योजना के तहत प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) योजना के दायरे में नहीं आने वाले गरीबी रेखा से नीचे के किसानों को हर महीने प्रति व्यक्ति पांच किलोग्राम मुफ्त खाद्यान्न मिलेगा, जिसमें तीन किलोग्राम चावल और दो किलो गेहूं शामिल है।

एनटीआरएलपी में छह पथांतर बैराजों के निर्माण की परिकल्पना की गई है और इससे क्षेत्र में लगभग 26,526 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई का लाभ मिलने की उम्मीद है। इससे 11.50 मेगावाट बिजली का उत्पादन भी होगा। मंत्रिमंडल ने वित्तीय धोखाधड़ी में शामिल संस्थानों की संपत्तियों को कुर्क करने की प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए महाराष्ट्र जमाकर्ताओं के हितों का संरक्षण (वित्तीय प्रतिष्ठानों में) अधिनियम में संशोधनों को भी मंजूरी दी।

एक अलग एमपीआईडी न्यायाधिकरण स्थापित किया जाएगा, जिसमें मामलों का निपटारा 90 दिनों के भीतर करने का प्रावधान होगा। विज्ञप्ति के अनुसार, एक अन्य निर्णय में, मंत्रिमंडल ने महाराष्ट्र भूमि राजस्व संहिता, 1966 में संशोधनों को मंजूरी दी, ताकि राजस्व विभाग में अर्ध-न्यायिक कार्यवाही के लिए राजस्व अदालत मामला प्रबंधन प्रणाली शुरू की जा सके। संशोधन मामलों के शीघ्र निपटारे के लिए “एक जिला, एक अपील” तंत्र का भी प्रावधान करेंगे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़