Maharashtra विधान परिषद चुनाव: Congress ने उतारे तीन प्रत्याशी, दो निवर्तमान MLC को फिर मौका

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

महाराष्ट्र विधान परिषद की पांच सीटों पर 23 अक्टूबर को होने वाले चुनाव के लिए कांग्रेस ने शनिवार को तीन उम्मीदवारों के नाम तय कर दिए। पार्टी ने नागपुर और पुणे से अपने दो मौजूदा सदस्यों पर फिर भरोसा जताया है, जबकि अमरावती शिक्षक सीट से नए चेहरे को मैदान में उतारा है।

मुंबई, तीन अक्टूबर महाराष्ट्र विधान परिषद के आगामी चुनाव के वास्ते कांग्रेस ने शनिवार को तीन शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए। पार्टी ने अपने दो निवर्तमान विधान परिषद सदस्यों (एमएलसी) को फिर चुनाव मैदान में उतारा है। कांग्रेस की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, एमएलसी अभिजीत वंजारी नागपुर मंडल स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे, जबकि जयंत दिनकर असगांवकर पुणे मंडल शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से उम्मीदवार होंगे।

पार्टी ने अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से नए चेहरे अदिति पोहरे को प्रत्याशी बनाया है। राज्य विधान परिषद की पांच सीट के लिए 23 अक्टूबर को मतदान होगा। इनमें तीन स्नातक और दो शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं।

इससे पहले इसी सप्ताह कांग्रेस, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) वाले गठबंधन महा विकास आघाडी (एमवीए) ने आगामी द्विवार्षिक चुनाव मिलकर लड़ने की घोषणा की थी। यह फैसला कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नसीम खान, राकांपा (शरदचंद्र पवार) के नेताओं शशिकांत शिंदे और हर्षवर्धन पाटिल तथा शिवसेना (उबाठा) के नेता संजय राउत की मौजूदगी में हुई बैठक में लिया गया था। नसीम खान ने कहा था कि राकांपा के कब्जे वाली छत्रपति संभाजीनगर (पूर्व में औरंगाबाद) स्नातक सीट, राकांपा (शरदचंद्र पवार) के पास मौजूद पुणे स्नातक सीट और एक निर्दलीय के पास रही अमरावती शिक्षक सीट को लेकर गठबंधन में बातचीत हुई थी।

छत्रपति संभाजीनगर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से राकांपा के सतीश चव्हाण, पुणे स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से राकांपा (शरदचंद्र पवार) के अरुण लाड और अमरावती शिक्षक सीट से शिवसेना के किरण सरनाईक का कार्यकाल छह दिसंबर को समाप्त हो रहा है। चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि छह अक्टूबर है, जबकि नाम वापस लेने की आखिरी तारीख नौ अक्टूबर है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़