Delhi Metro के सेवा तीर्थ स्टेशन पर ट्रेन के आगे कूदा अज्ञात व्यक्ति, हुई मौत

राजधानी में बुधवार सुबह दिल्ली मेट्रो के सेवा तीर्थ स्टेशन पर एक अज्ञात यात्री ने ट्रेन के सामने कूदकर अपनी जान दे दी। घटना के तुरंत बाद युवक को पुलिस द्वारा लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सीसीटीवी फुटेज की जांच से पता चला है कि मृतक पहले ट्रेन से उतरा और लगभग पांच मिनट बाद पटरी पर कूद गया।
दिल्ली मेट्रो के सेवा तीर्थ स्टेशन पर बुधवार को एक अज्ञात व्यक्ति बुधवार को कथित तौर पर ट्रेन के आगे कूद गया, जिससे उसकी मौत हो गई और लाइन पर कुछ समय के लिए सेवाएं बाधित रहीं। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, मेट्रो नियंत्रक को पूर्वाह्न करीब 11.13 बजे सूचना मिली कि एक यात्री चलती मेट्रो के आगे कूद गया, जिसके बाद एहतियात के तौर पर लाइन पर ट्रेन की आवाजाही रोक दी गई।
उन्होंने बताया कि व्यक्ति को पटरी से हटाया गया और लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज से पता चला है कि व्यक्ति पूर्वाह्न करीब 11.08 बजे स्टेशन पर ट्रेन से उतरा और करीब पांच मिनट बाद पटरी पर कूद गया। पुलिस ने बताया कि ट्रेन संचालक ने ट्रेन रोकने की कोशिश की, लेकिन वह ट्रेन की चपेट में आ गया।
पुलिस ने बताया कि व्यक्ति के पास से कोई पहचान दस्तावेज बरामद नहीं हुआ और पुलिस उसकी पहचान स्थापित करने की कोशिश कर रही है। पुलिस ने कहा कि शुरुआती जांच में किसी तरह की गड़बड़ी सामने नहीं आई है।
अन्य न्यूज़














