भाजपा के लोग नीतीश को सपने दिखा रहे हैंः लालू यादव

Mangal Pandey said legal action is taking against family of Lalu Prasad not political
[email protected] । Jul 12 2017 5:00PM

राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने कहा है कि भाजपा के लोग नीतीश कुमार को सपने दिखा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा बिहार में महागठबंधन तोड़ने की साजिश कर रही है।

पटना। लालू प्रसाद और उनके परिवार पर लग रहे अनियमितता एवं भ्रष्टाचार के आरोपों को राजद अध्यक्ष द्वारा राजनीतिक बदले की कार्रवाई बताने को हास्यास्पद करार देते हुए बिहार भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडे ने कहा कि यह राजनैतिक कार्रवाई नहीं बल्कि कानूनी कार्रवाई है और आरोपों का सामना कर रहे उपमुख्यमंत्री को इस्तीफा देकर कानून का सामना करना चाहिए। भाजपा नेता ने कहा, ''यह राजनैतिक बदले की कार्रवाई नहीं बल्कि कानूनी कार्रवाई है। जांच एजेंसियां स्वतंत्र रूप से भ्रष्टाचार के मामलों में कार्रवाई कर रही हैं। इसलिए आरोप लगाने की बजाए लालू प्रसाद एवं उनके परिवार को कानून का सामना करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि आज से तीन दशक पहले तक लालू प्रसाद एक सामान्य से सरकारी आवास में रहते थे और आज की स्थिति में कई हजार करोड़ रूपये की सम्पत्ति उनके परिवार के नाम है। अब तक जो बातें सामने आई हैं, उससे स्पष्ट है कि यह गंभीर अनियमितता का मामला है। लालू प्रसाद और उपमुखमंत्री तेजस्वी यादव तथा परिवार के खिलाफ भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप सामने आए हैं।’’ पांडे ने कहा कि ऐसे में लालू प्रसाद को कानून का सम्मान करना चाहिए। उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव को इस्तीफा देकर आरोपों का जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को इस विषय में कानून सम्मत कार्रवाई करना चाहिए और उपमुख्यमंत्री के इस्तीफे के बिना ऐसा संभव नहीं है।

बिहार में सियासी घमासान के बीच लालू प्रसाद यादव ने अपने बेटे और बिहार के उप-मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव का बचाव किया है। लालू ने साफ कर दिया है कि तेजस्वी इस्तीफा नहीं देंगे। लालू ने कहा कि भाजपा के लोग नीतीश कुमार को सपने दिखा रहे हैं। भाजपा बिहार में महागठबंधन तोड़ने की साजिश कर रही है। लालू यादव ने कहा कि रेलवे के जिस टेंडर को लेकर तेजस्वी का नाम लिया जा रहा है वह उस समय की बात है जब तेजस्वी नाबालिग था।

राजद ने जोर दिया है कि होटल के बदले जमीन मामले में सीबीआई की प्राथमिकी में नाम होने पर उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव इस्तीफा नहीं देंगे। भाजपा और राजग में उसके अन्य सहयोगी दल होटल के बदले जमीन मामले में तेजस्वी का नाम आने पर उनके इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। भाजपा के हिमाचल प्रदेश के पार्टी प्रभारी पांडे ने राज्य की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य के लोग आज भ्रष्टाचार से त्रस्त हैं और लम्बे समय से विकास से दूर हैं। राज्य में वीरभद्र सिंह के नेतृत्व वाली सरकार के भ्रष्टाचार के कारण प्रदेश के 70 लाख लोग शर्मसार हुए हैं। इसके कारण हिमाचल प्रदेश की जनता शर्मसार महसूस कर रही है और लोगों में कांग्रेस सरकार के प्रति काफी गुस्सा है।’’ पांडे ने कहा कि केंद्र में नरेन्द्र मोदी सरकार का विकास कार्य लोगों के समक्ष है। इसके अलावा भाजपा शासित 17 राज्यों में विकास को लोग देख रहे हैं। ऐसे में लोग राज्य में भाजपा को जनादेश देने का मन बना चुके हैं। हमारा लक्ष्य 50 से अधिक सीट जीतना है।

भाजपा नेता ने कहा कि हम राज्य में विकास के रास्ते पर चलने वाली सरकार और भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था देने को प्रतिबद्ध हैं। भाजपा ने इस उद्देश्य के लिये पार्टी ने बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय किया है ताकि वीरभद्र सिंह के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार को सत्ता से हटाया जा सके। इसी लक्ष्य का रोडमैप तैयार करने के लिए अमित शाह मई के पहले हफ्ते में शिमला आए थे। पार्टी ने बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय किया है। मंगल पांडे ने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार हर मोर्चे पर असफल साबित हुई है। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह अदालती मामलों में उलझे हैं। ऐसे में विकास कार्य ठप होकर रह गए हैं।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़