मराठा युवक की दिल का दौरा पड़ने से मौत, शोक जताने के लिए लातूर में सैकड़ों लोग इकट्ठा हुए

dead body
ANI

अधिकारियों ने बताया कि जब घोगरे के शव को अंतिम संस्कार के लिए उसके पैतृक गांव ले जाया जा रहा था, तब मराठा समुदाय के एक बड़े समूह ने अहमदपुर में वाहन रोककर उसे श्रद्धांजलि अर्पित की।

मराठा आरक्षण की मांग को लेकर मुंबई में आंदोलन कर रहे व्यक्ति की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई, जिसके बाद लातूर जिले में रविवार को सैकड़ों लोग यहां उसके गांव में शोक व्यक्त करने के लिए एकत्र हुए।

मृतक प्रदर्शनकारी के शव को मुंबई से उसके गांव लाया गया। टाकलगांव निवासी विजयकुमार चंद्रकांत घोगरे आजाद मैदान में कार्यकर्ता मनोज जरांगे के नेतृत्व में जारी आरक्षण आंदोलन में हिस्सा लेने के लिए 40 लोगों के एक समूह के साथ मुंबई गया था।

दक्षिण मुंबई के पायधोनी इलाके में शनिवार को घूमते समय घोगरे को सीने में दर्द की शिकायत हुई, जिसके बाद उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। अधिकारियों के अनुसार, चिकित्सकों ने घोगरे को मृत घोषित कर दिया।

अधिकारियों ने बताया कि जब घोगरे के शव को अंतिम संस्कार के लिए उसके पैतृक गांव ले जाया जा रहा था, तब मराठा समुदाय के एक बड़े समूह ने अहमदपुर में वाहन रोककर उसे श्रद्धांजलि अर्पित की।

शोक संतप्त लोगों ने सरकार से मराठा आरक्षण के लंबित मुद्दे और घोगरे के असामयिक निधन पर ध्यान देने की मांग की। अहमदपुर की तहसीलदार उज्ज्वला पंगारकर ने शोक संतप्त लोगों से मुलाकात की और उन्हें आश्वास्त किया कि घोगरे के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करने के लिए सिफारिश की जाएगी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़