श्रीलंका A ने भारत A को 8 विकेट से धोया, Asia Cup Rising Stars फाइनल में बनाई जगह

श्रीलंका A ने भारत A को 8 विकेट से धोया, Asia Cup Rising Stars फाइनल में बनाई जगह
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

दोहा में खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में श्रीलंका ए ने भारत ए को आठ विकेट से हराकर एशिया कप राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। लसित क्रूसपुले के 116 रन और सिनेथ जयवर्धने के 105 रनों के दम पर श्रीलंकाई टीम ने 318 रन का लक्ष्य 51 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया। इससे पहले भारत ने अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा और शाहबाज अहमद के अर्धशतकों की बदौलत 317 रन बनाए थे।

सलामी बल्लेबाजों लसित क्रूसपुले और सिनेथ जयवर्धने के शतक और दोनों के बीच बड़ी शतकीय साझेदारी से श्रीलंका ए ने एशिया कप राइजिंग स्टार्स क्रिकेट टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में बृहस्पतिवार को यहां भारत ए के खिलाफ आठ विकेट की आसान जीत के साथ फाइनल में जगह बनाई। भारत ए के 318 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका ए ने लसित क्रूसपुले (116 रन, 107 गेंद, 12 चौके, तीन छक्के) और सिनेथ जयवर्धने (105 रन, 70 गेंद, 10 चौके और छह छक्के) के बीच पहले विकेट की 174 रन की साझेदारी की बदौलत 51 गेंद शेष रहते दो विकेट पर 318 रन बनाकर एकतरफा जीत दर्ज की। क्रूसपुले ने निशान मदुशका (नाबाद 58, 56 गेंद, पांच चौके, एक छक्का) के साथ भी दूसरे विकेट के लिए 91 रन की साझेदारी की।

भारत ने इससे पहले अभिषेक शर्मा (78), कप्तान तिलक वर्मा (53) और शाहबाज अहमद (नाबाद 54) के अर्धशतकों से आठ विकेट पर 317 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया था। जयवर्धने और क्रूसपुले ने पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी करके श्रीलंका ए को तेज शुरुआत दिलाई। दोनों ने 13वें ओवर में टीम के रनों का शतक पूरा किया।

जयवर्धने ने सूर्यांश शेडगे पर चौके के साथ 35 गेंद में अर्धशतक पूरा किया जबकि क्रूसपुले ने रिंकू सिंह की गेंद पर एक रन के साथ 43 गेंद में यह कारनामा किया। श्रीलंका के दोनों बल्लेबाजों भारतीय गेंदबाजों को लगातार निशाने पर रखा और उन्हें बिल्कुल भी लय हासिल नहीं करने दी। जयवर्धने ने हर्ष दुबे की गेंद पर एक रन के साथ सिर्फ 62 गेंद में शतक पूरा किया।

शाहबाज ने जयवर्धने को आउट करके इस साझेदारी को तोड़ा। जयवर्धने ने शाहबाज की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में डीप मिडविकेट पर तनुष कोटियान को कैच थमाया। क्रूसपुले को इसके बाद मदुशका के रूप में उम्दा जोड़ीदार मिला और दोनों ने टीम को लक्ष्य के करीब पहुंचाया।

क्रूसपुले ने हर्षित राणा की गेंद पर छक्के के साथ 98 गेंद में शतक पूरा किया। वह हालांकि इसी तेज गेंदबाज की गेंद पर डीप मिडविकेट पर रिंकू सिंह को कैच दे बैठे। मदुशका ने इसके बाद पवन रत्नायके (नाबाद 31) के साथ मिलकर टीम को लक्ष्य तक पहुंचा दिया।

इससे पहले शाहबाज ने नाबाद अर्धशतक जड़कर लड़खड़ाती भारतीय पारी को संभाला जिससे टीम ने चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। शाहबाज ने 48 गेंद की अपनी पारी में चार छक्के लगाए और तनुष कोटियान (28 रन) के साथ सातवें विकेट के लिए 73 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। इस साझेदारी से भारत छह विकेट पर 235 रन की मुश्किल स्थिति से उबरने में सफल रहा।

इस साझेदारी ने भारत को उस समय संभाला जब तिलक और अभिषेक के आउट होने के बाद पारी की रफ्तार धीमी पड़ने लगी थी। इन दोनों बल्लेबाजों ने बड़े स्कोर की नींव रखी थी। अभिषेक ने 63 गेंद में 11 चौकों और एक छक्के की मदद से 78 रन बनाए लेकिन वह अच्छी शुरुआत को शतक में नहीं बदल सके।

तिलक ने भी 66 गेंद में तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 53 रन बनाए। सलामी बल्लेबाजों के बीच 80 रन की साझेदारी के बाद अभिषेक और तिलक ने दूसरे विकेट के लिए 79 रन जोड़े। हालांकि नियमित अंतराल पर विकेट गिरने से भारत बड़ी साझेदारियां नहीं कर सका और निचले क्रम पर दबाव बढ़ गया।

भारत ने शानदार शुरुआत की। वैभव सूर्यवंशी (26 गेंद में 40 रन, चार चौके और तीन छक्के) ने अभिषेक के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 80 रन जोड़े। पिछले मुकाबले में रिकॉर्ड 204 रन की पारी खेलने वाले युवा बल्लेबाज सूर्यवंशी को श्रीलंकाई गेंदबाजों ने काफी चुनौती दी।

उन्होंने लगातार वाइड और फुल लेंथ गेंदों का इस्तेमाल किया। आखिरकार सूर्यवंशी शॉर्ट गेंद पर पुल शॉट खेलने के प्रयास में चूक गए और गेंद को हवा में लहराकर कैच दे बैठे। जनित लियानगे की गेंद पर लसित क्रूसपुले ने उनका कैच लपका।

इसके बाद तिलक और अभिषेक ने पारी को संभाला। दोनों ने खराब गेंदों पर चौके लगाए और स्ट्राइक रोटेट करते हुए रन गति बनाए रखी। हालांकि 22वें ओवर में लाहिरू समरकून की धीमी गेंद को अभिषेक समझ नहीं सके और लॉन्ग ऑन पर कैच दे बैठे।

वहीं रविंदु फर्नांडो की गेंद पर स्वीप शॉट खेलने के प्रयास में तिलक आउट हुए। श्रीलंका की ओर से रविंदु फर्नांडो, जनिथ लियानागे और निपुन धनंजय ने दो-दो विकेट चटकाए।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़