135 किलो ड्रग्स जब्ती पर MK Stalin का हमला, TVK को बताया ब्रेकिंग बैड पार्टी

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

नागपट्टिनम में राजस्व आसूचना निदेशालय ने टीवीके पदाधिकारी भूपालन को 135 किलोग्राम मेथामफेटामाइन के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया। द्रमुक अध्यक्ष ने दावा किया कि पार्टी राजनीति में आने के पांच महीने में ही गंभीर आरोपों से घिर गई है। उन्होंने पूरे नेटवर्क की गहन जांच करने की मांग उठाई।

द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के अध्यक्ष एम. के. स्टालिन ने मादक पदार्थों की बड़ी खेप जब्त किए जाने के मामले में तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के एक पदाधिकारी की गिरफ्तारी को लेकर शनिवार को टीवीके पर निशाना साधा और सत्तारूढ़ दल को ‘ब्रेकिंग बैड पार्टी’ करार दिया। स्टालिन ने ‘एक्स’ पर कहा, “टीवीके सिर्फ बुरी पार्टी नहीं, बल्कि ‘ब्रेकिंग बैड पार्टी’ है।” उन्होंने बताया कि नागपट्टिनम जिले के टीवीके पदाधिकारी भूपालन को केंद्र सरकार के राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) के अधिकारियों ने गिरफ्तार किया। भूपालन किलवेलूर विधानसभा क्षेत्र के चुनाव प्रभारी भी है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, “मुख्यमंत्री विजय सार्वजनिक मंचों से नशे के उन्मूलन पर लगातार उपदेश दे रहे हैं, जबकि शुरुआती जांच में पता चला कि टीवीके का एक सदस्य 135 किलोग्राम मेथामफेटामाइन छिपाकर रखे हुए था।” उन्होंने कहा कि आरोपी रंगे हाथों पकड़ा गया। स्टालिन ने सवाल उठाया कि क्या टीवीके नेता अपनी ही पार्टी के भीतर मादक पदार्थों का बड़ा नेटवर्क चलाते हुए जनता को उपदेश दे रहे थे। उन्होंने कहा, “जब एक ही छापे में इतनी बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त किए जाते हैं, तो अधिकारियों को यह पता लगाना चाहिए कि इसके पीछे और कितने लोग हैं तथा पूरे नेटवर्क को अपने घेरे में लेना चाहिए।” द्रमुक प्रमुख ने आरोप लगाया, “राजनीति में प्रवेश के महज पांच महीने के भीतर खराब पार्टी की छवि हासिल करने वाली टीवीके अब ‘ब्रेकिंग बैड पार्टी’ के स्तर पर पहुंच गई है।” द्रमुक प्रमुख की ‘ब्रेकिंग बैड’ संबंधी टिप्पणी इसी नाम की लोकप्रिय वेब सीरीज की ओर स्पष्ट इशारा थी, जिसमें मुख्य किरदार मादक पदार्थ बनाने और बेचने के धंधे में शामिल हो जाता है।

स्टालिन ने कहा, “क्या आप डरे हुए हैं? आगे बढ़ने के साथ स्थिति और भी भयावह होने वाली है।” उन्होंने मुख्यमंत्री को मादक पदार्थों जैसे मुद्दों पर बोलते समय फिल्मी अंदाज में दमदार संवाद बोलने से बचने की सलाह भी दी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़