वेंकैया नायडू राजग के उपराष्ट्रपति उम्मीदवार, सुबह करेंगे नामांकन

NDA nominates Venkaiah Naidu as vice-presidential candidate
[email protected] । Jul 17 2017 8:37PM

केंद्रीय मंत्री एम वेंकैया नायडू को उपराष्ट्रपति पद के लिये भाजपा नीत राजग के उम्मीदवार के रूप में चुना गया है। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने आज इस बात की जानकारी दी।

केंद्रीय मंत्री एम वेंकैया नायडू को उपराष्ट्रपति पद के लिये भाजपा नीत राजग के उम्मीदवार के रूप में चुना गया है। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने आज इस बात की जानकारी दी। शाह ने भाजपा मुख्यालय में संवाददाताओं से कहा कि भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक में राजग के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के रूप में वेंकैया नायडू का चयन किया गया। उन्होंने बताया कि वेंकैया मंगलवार सुबह 11 बजे उपराष्ट्रपति पद के लिये अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।

भाजपा अध्यक्ष ने बताया कि इस बारे में राजग के सभी सहयोगियों को बताया गया है और सभी ने इसका स्वागत किया है। वेंकैया नायडू आज देश के वरिष्ठतम नेताओं में से एक है और इसिलए सम्पूर्ण राजग ने उनके नाम का स्वागत किया है। भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक में सभी सदस्यों ने हिस्सा लिया और बैठक समाप्त होने के बाद शाह ने इसकी घोषणा की। शाह ने कहा कि वेंकैया नायडू पार्टी के वरिष्ठतम नेता हैं और उन्होंने आपना सार्वजनिक जीवन 1970 से शुरू किया था। विद्यार्थी परिषद से आगे बढ़ते हुए उन्होंने जेपी आंदोलन में सक्रियता से हिस्सा लिया। वे आंध्र प्रदेश भाजपा युवा इकाई के अध्यक्ष भी रहे। वेंकैया भाजपा महासचिव और दो बार भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे। वे चार बार राज्य सभा के सदस्य रहे। उनका 25 वर्षों का सुदृढ़ कार्यकाल रहा है। वे अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में मंत्री रहे और अभी शहरी विकास एवं सूचना प्रसारण मंत्री हैं।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि एक किसान परिवार से आने वाले वेंकैया नायडू ने छोटे पदों से आगे बढ़ते हुए देश की सेवा की। यह पूछे जाने पर कि उपराष्ट्रपति पद के लिये सर्वानुमति की कोई संभावना है, शाह ने कहा कि विपक्ष ने पहले ही उपराष्ट्रपति पद के लिये अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है और अगर उन्हें सर्वानुमति बनानी होती तो वे थोड़ा इंतजार करते। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस नीत विपक्षी दलों ने गोपाल कृष्ण गांधी को उपराष्ट्रपति पद के लिए अपना उम्मीदवार बनाया है।

वेंकैया का नाम पिछले दो-तीन दिनों में उपराष्ट्रपति पद के प्रत्याशी के तौर पर इसलिए उभर कर आया क्योंकि भाजपा ने निष्कर्ष निकाला कि राज्यसभा जहां अभी सरकार अल्पमत में है उस सदन को चलाने के लिए किसी अनुभवी व्यक्ति की आवश्यकता है। वेंकैया लंबे समय से राज्यसभा के सदस्य हैं और संसदीय कार्य मंत्री रह चुके हैं इसलिए सदन संचालन की प्रक्रियाओं से भलीभांति अवगत हैं। इसके अलावा सभी दलों के नेताओं के साथ उनके अच्छे संबंध हैं। वह भाजपा के पूर्व अध्यक्ष भी हैं। संसदीय राजनीति में उन्होंने पहला कदम 29 वर्ष की आयु में आंध्र प्रदेश विधानसभा के लिए चुने जाने के साथ ही रखा था।

भाजपा की ओर से राष्ट्रपति उम्मीदवार रामनाथ कोविंद उत्तर भारत से संबंध रखते हैं इसलिए पार्टी अब दक्षिण के किसी व्यक्ति को उपराष्ट्रपति उम्मीदवार बनाना चाहती थी। वेंकैया नायडू इस नाते भी पहली पसंद बनकर उभरे। वेंकैया आंध्र प्रदेश से ताल्लुक रखते हैं और पार्टी के तमिलनाडु, कर्नाटक के प्रभारी भी रहे हैं। वह वर्तमान में राजस्थान से राज्यसभा सांसद हैं।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़