NHRC ने पंजाब के DGP और सरकार को भेजा नोटिस, गुरदासपुर में निशान साहिब की बेअदबी का मामला

राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने पंजाब के गुरदासपुर जिले में निशान साहिब की कथित बेअदबी पर राज्य सरकार और डीजीपी से दो सप्ताह में कार्रवाई रिपोर्ट मांगी है। यह मामला डल्लामोर कादियां गांव का है, जहां एक किसान द्वारा दान की गई जमीन पर स्थापित पवित्र ध्वज के अपमान का आरोप है। आयोग ने अधिकारियों को पूरे मामले की जांच करने का निर्देश दिया है।
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने पंजाब के गुरदासपुर जिले के एक गांव में निशान साहिब की कथित बेअदबी से जुड़ी शिकायत पर राज्य सरकार और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को नोटिस जारी किया है। मामले की 27 नवंबर की कार्यवाही के अनुसार, आयोग ने संबंधित अधिकारियों को आरोपों की जांच करने और दो सप्ताह के भीतर कार्रवाई की रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है। निशान साहिब सिख धर्म का पवित्र ध्वज है।
यह तिकोने आकार का होता है और गुरुद्वारों के ऊपर फहराया जाता है। सिख पहचान और सेवा के प्रतीक इस ध्वज को धार्मिक जुलूसों में भी ले जाया जाता है। शिकायत के अनुसार, एक स्थानीय किसान ने गुरुद्वारे में लंगर हॉल बनाने के लिए अपनी निजी जमीन के 10 मरले दान किए थे।
वहां सिख संगत ने सिख परंपराओं के अनुसार निशान साहिब स्थापित किया था। हालांकि, शिकायत का हवाला देते हुए कार्यवाही में कहा गया कि ‘‘कुछ शरारती तत्वों’’ ने निशान साहिब की कथित तौर पर बेअदबी की जिससे सिख समुदाय की धार्मिक भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची। कथित घटना गुरदासपुर के डल्लामोर कादियां गांव में हुई।
अन्य न्यूज़













