NHRC Notice: नाबालिग बच्चियों की कथित बिक्री पर तीन राज्यों से दो हफ्ते में मांगी रिपोर्ट

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने मध्यप्रदेश और राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों में नाबालिग लड़कियों को बिचौलियों को बेचे जाने की खबरों पर कड़ा रुख अपनाया है। आयोग ने मध्यप्रदेश, राजस्थान और महाराष्ट्र के मुख्य सचिवों और पुलिस महानिदेशकों को नोटिस भेजकर विस्तृत जानकारी तलब की है। फर्जी दस्तावेजों और पहचान बदलकर वयस्क होने पर लड़कियों को देह व्यापार में धकेलने के गंभीर आरोप सामने आए हैं।

नयी दिल्ली, तीन नवंबर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने मध्यप्रदेश एवं राजस्थान के कई सीमावर्ती जिलों में बड़ी संख्या में नाबालिग लड़कियों को उनके माता-पिता द्वारा कथित तौर पर तीन से पांच लाख रुपये में बिचौलियों को बेचे जाने की खबरों पर इन दोनों राज्यों और महाराष्ट्र की सरकारों तथा उनके पुलिस प्रमुखों को नोटिस जारी किया है। आयोग ने मंगलवार को यह जानकारी दी। आयोग ने एक बयान में कहा कि बिचौलिये फर्जी दस्तावेजों की मदद से इन लड़कियों को अपनी गोद ली हुई संतान बताकर उनकी तस्करी करते हैं।

एनएचआरसी ने मीडिया में आई एक खबर का स्वत: संज्ञान लिया है, जिसके अनुसार ‘‘मध्यप्रदेश और राजस्थान की सीमा से लगे कई जिलों में बड़ी संख्या में नाबालिग लड़कियों को उनके माता-पिता कथित तौर पर तीन से पांच लाख रुपये में बिचौलियों को बेच रहे हैं।’’ आयोग ने कहा कि इन लड़कियों की पहचान छिपाने के लिए उनके व्यक्तिगत विवरण बदल दिए जाते हैं और फिर वयस्क होने पर कथित तौर पर ‘‘देह व्यापार के लिए उन्हें महाराष्ट्र के विभिन्न शहरों में 35 से 40 लाख रुपये’’ में बेच दिया जाता है। आयोग ने कहा कि यदि खबर में दी गई जानकारी सही है तो यह पीड़ित लड़कियों के मानवाधिकारों के गंभीर उल्लंघन का मामला है। बयान के अनुसार, आयोग ने मध्यप्रदेश, राजस्थान और महाराष्ट्र के मुख्य सचिवों तथा पुलिस महानिदेशकों को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर इस मामले में विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़