फिल्म ‘रामायण’ का पहला भाग एक बेहद रोमांचक मोड़ पर खत्म होगा: निर्देशक नितेश तिवारी

Prabhasakshi Image

फिल्मकार नितेश तिवारी ने बताया कि आगामी पौराणिक फिल्म 'रामायण' की कहानी को दो भागों में पेश किया जाएगा। इस फिल्म का पहला भाग 2026 में दिवाली के अवसर पर रिलीज होगा, जो एक रोमांचक मोड़ पर समाप्त होगा। सैन डिएगो कॉमिक-कॉन में उन्होंने अभिनेता रणबीर कपूर और यश के साथ इस फिल्म के बारे में चर्चा की।

नयी दिल्ली, 27 जुलाई फिल्मकार नितेश तिवारी ने कहा कि रामायण ऐसी कहानी है, जिसे दो भागों में बताया जाना चाहिए और इसका पहला भाग एक रोमांचक मोड़ पर खत्म होगा। तिवारी आगामी पौराणिक कथा पर आधारित फिल्म के प्रचार के लिए अभिनेता रणबीर कपूर और यश के साथ सैन डिएगो कॉमिक कॉन में शामिल हुए थे। फिल्मकार नितेश तिवारी ने 23 जुलाई को सैन डिएगो कॉमिक-कॉन में आयोजित पैनल चर्चा में अभिनेता रणबीर कपूर, यश और निर्माता नमित मल्होत्रा के साथ हिस्सा लिया।

तिवारी ने पैनल के बाद आईजीएन को दिए एक साक्षात्कार में कहा, हम फिल्म के पहले भाग को एक रोमांचक मोड़ पर खत्म करेंगे। ऐसा कुछ, जो दर्शकों को सिनेमाघर से निकलने के बाद दूसरे भाग को देखने के लिए प्रेरित करेगा। फिल्म ‘दंगल’ के निर्देशक तिवारी ने कहा, यह ऐसी कहानी है, जिसे दो भागों में बताया जाना चाहिए।

इसे एक भाग में नहीं बताया जा सकता। हमने तय किया कि पहला भाग खत्म करने के लिए यह सबसे उपयुक्त स्थान होगा और यहीं से दूसरे भाग की कहानी को आगे बढ़ाया जा सकता है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि यश रावण के किरदार में नजर आएंगे।

अभिनेत्री साई पल्लवी सीता की भूमिका निभा रही हैं, वहीं सनी देओल हनुमान के किरदार में दिखाई देंगे। यह फिल्म दो भागों में रिलीज होगी। इसका पहला भाग 2026 में दिवाली के मौके पर सिनेमाघरों में प्रदर्शित किया जाएगा।

फिल्म में रवि दुबे, विवेक ओबेरॉय और अरुण गोविल समेत कई अन्य कलाकार भी नजर आएंगे। रिपोर्टों के अनुसार, 4,000 करोड़ रुपये के बजट से बनी यह फिल्म दुनियाभर में सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट द्वारा वितरित की जाएगी।

All the updates here:

अन्य न्यूज़