Odisha Police SI Exam: आयोग ने बढ़ाई आवेदन विवरण सत्यापन की तारीख, अब 8 नवंबर तक मौका

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

ओडिशा यूनिफॉर्म्ड सर्विसेज स्टाफ सिलेक्शन कमीशन ने पुलिस उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन विवरण अद्यतन और सत्यापन की अंतिम तारीख बढ़ाकर 8 नवंबर कर दी है। आयोग की वेबसाइट पर यह सुविधा रात 11 बजे तक खुली रहेगी। अभ्यर्थियों को इसके बाद कोई अतिरिक्त समय नहीं दिया जाएगा और इन्हीं विवरणों को आगे के चरणों में अंतिम माना जाएगा।

‘ओडिशा यूनिफॉर्म्ड सर्विसेज स्टाफ सिलेक्शन कमीशन’ ने पुलिस उप निरीक्षक (एसआई) के पदों पर भर्ती के लिए आयोजित होने वाली परीक्षा के आवेदन संबंधी विवरण को अद्यतन करने और सत्यापित करने की अंतिम तारीख 10 दिन बढ़ा दी है। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। राज्य सरकार के मुताबिक, ऑनलाइन आवेदन अद्यतन और सत्यापन की सुविधा आयोग की वेबसाइट पर आठ नवंबर को रात 11 बजे तक उपलब्ध रहेगी।

आयोग ने संयुक्त पुलिस सेवा परीक्षा-2024 के एसआई स्तर के लिए आवेदन करने वाले सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे बढ़ाई गई समय-सीमा के भीतर अपनी व्यक्तिगत जानकारी और आवेदन संबंधी विवरण अद्यतन कर उनका सत्यापन कर लें। इससे पहले अंतिम तारीख 29 अक्टूबर निर्धारित की गई थी। बयान में कहा गया है कि अभ्यर्थियों की ओर से अद्यतन और सत्यापित किए गए विवरण को परीक्षा के आगे के सभी चरणों और संबंधित प्रक्रियाओं के लिए अंतिम माना जाएगा।

आयोग ने सभी अभ्यर्थियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर यह प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी है। साथ ही स्पष्ट किया है कि अंतिम तारीख आगे नहीं बढ़ाई जाएगी। दरअसल पुलिस उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा पिछले साल अक्टूबर में आयोजित होनी थी लेकिन चयन प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताओं का पता चलने के बाद परीक्षा रद्द कर दी गई थी।

इस कथित घोटाले में 120 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तार आरोपियों में 110 से अधिक नौकरी के अभ्यर्थी, कई बिचौलिए आदि शामिल थे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़