विधानसभा चुनाव के बाद राजनीतिक इतिहास में नया रिकॉर्ड बनाएगा ओडिशा: Naveen Patnaik

Naveen Patnaik
प्रतिरूप फोटो
Creative Common

पटनायक ने कहा, ‘‘हम मजबूत जड़ों और शक्तिशाली पंखों वाले ओडिशा की स्थापना करेंगे। आप सभी के आशीर्वाद से जीत का रथ आगे बढ़ेगा।’’ उन्होंने कहा कि अगले 10 साल ओडिशा के भविष्य के लिए निर्णायक होंगे।

ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने शनिवार को कहा कि राज्य के लोग अगले विधानसभा चुनाव में देश के राजनीतिक इतिहास में एक नया रिकॉर्ड बनाएंगे। राज्य में सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) के अध्यक्ष पटनायक के इस बयान का स्पष्ट मतलब यह था कि 13 मई से एक जून के बीच होने वाले विधानसभा चुनाव में जीत के बाद वह भारत में सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री पद पर बने रहने वाले नेता बन जाएंगे।

राज्य में लोकसभा और राज्यसभा चुनाव एक साथ होंगे। पटनायक ने अपने पांचवें कार्यकाल की आखिरी कैबिनेट बैठक को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘कुछ ही महीनों में ओडिशा की जनता इस देश के राजनीतिक इतिहास में एक नया कीर्तिमान रचेगी। मैं लोगों के गहरे विश्वास के कारण स्वयं को बहुत धन्य और कृतज्ञ महसूस करता हूं और यही भरोसा मुझे और अधिक मेहनत करने के लिए प्रेरित करता है।’’

सिक्किम के पूर्व मुख्यमंत्री पवन कुमार चामलिंग सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री पद पर रहने वाले नेता हैं। इस मामले में दूसरे स्थान पर पटनायक हैं। चामलिंग 12 दिसंबर, 1999 से 27 मई, 2019 तक यानी 24 साल और 166 दिन तक सत्ता में रहे। पटनायक पांच मार्च 2000 से ओडिशा के मुख्यमंत्री हैं।

पटनायक ने कहा, ‘‘हम मजबूत जड़ों और शक्तिशाली पंखों वाले ओडिशा की स्थापना करेंगे। आप सभी के आशीर्वाद से जीत का रथ आगे बढ़ेगा।’’ उन्होंने कहा कि अगले 10 साल ओडिशा के भविष्य के लिए निर्णायक होंगे।

पटनायक ने कहा, ‘‘हम एक सशक्त ओडिशा का निर्माण करेंगे जो मुख्य रूप से हमारे युवाओं, महिलाओं, बच्चों, उद्यमियों, किसानों और आदिवासियों के अनुकूल, आधुनिक एवं गतिशील होगा।’’ उन्होंने राज्य में चक्रवात और कोविड-19 वैश्विक महामारी जैसी आपदाओं से उनकी सरकार से सफलता से निपटने का जिक्र किया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़