प्रियंका ने चुनाव को लेकर कांग्रेस की रणनीति की साफ, बोलीं- सबसे महत्वपूर्ण होगी कार्यकर्ताओं की राय

Priyanka Gandhi

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता महंगाई, बेरोजगारी और गरीबी से कराह रही जनता की आवाज बनें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस महंगाई, बेरोजगारी, पेट्रोल-डीजल तथा रसोई गैस के दामों में लगातार हो रहे इजाफे के विरूद्व भाजपा सरकार के खिलाफ मुखरता के साथ आंदोलित रहे।

लखनऊ। कांग्रेस महासचिव और पार्टी की उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाद्रा ने राज्य के आगामी विधानसभा चुनाव में संगठन को सबसे अधिक अहमियत देने का संकेत देते हुये रविवार को कहा कि हर स्तर पर कार्यकर्ताओं की भूमिका बेहद अहम है। प्रियंका ने प्रदेश पदाधिकारियों के दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए संबोधित करते हुए कहा आगामी विधानसभा चुनाव में संगठन और कार्यकर्ताओं की राय सबसे महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने कहा मजबूत संगठन की दिशा में सतत प्रयास सफलता का महत्वपूर्ण बिंदु है। संगठन सृजन अभियान से बूथ का निर्माण दूसरा महत्वपूर्ण बिंदु है, जिस पर कांग्रेसजनों द्वारा लगातार सक्रिय होकर काम करने के अच्छे परिणाम आने लगे हैं। सबको रीढ़ बनकर संगठन को मजबूत करना है। 

इसे भी पढ़ें: क्या विधानसभा चुनाव के लिए सपा-बसपा के साथ गठबंधन करेगी कांग्रेस ? अजय कुमार लल्लू ने दिया यह जवाब 

प्रियंका ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता महंगाई, बेरोजगारी और गरीबी से कराह रही जनता की आवाज बनें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस महंगाई, बेरोजगारी, पेट्रोल-डीजल तथा रसोई गैस के दामों में लगातार हो रहे इजाफे के विरूद्व भाजपा सरकार के खिलाफ मुखरता के साथ आंदोलित रहे। पार्टी महासचिव ने कार्यकर्ताओं से कहा, कांग्रेस जनता को कभी भी मझधार में नहीं छोड़ सकती। यह हमारी प्रेरणा का मूलमंत्र है। बढ़ती महंगाई ज्वलंत और बड़ा मुद्दा है। उस पर गम्भीरतापूर्वक रणनीति के साथ आंदोलन खड़ा करना है। देश अनेक प्रकार की त्रासदी के दौर से गुजर रहा है। ऐसे में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बड़ी जिम्मेदारी है। यह प्रशिक्षण शिविर कांग्रेसजनों के लिये महत्वपूर्ण साबित होगा।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़