PM Modi ने दिए Heatwave से बचाव के Tips: Hydrated रहें, दूसरों को भी जल पिलाएं, दादा-दादी और नाना-नानी को लेकर भी कही यह बात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भीषण गर्मी से बचाव के लिए नागरिकों को हाइड्रेटेड रहने और पर्याप्त पानी पीने के टिप्स दिए। उन्होंने सामुदायिक देखभाल पर जोर देते हुए दादा-दादी और नाना-नानी सहित बुज़ुर्गों का विशेष ध्यान रखने, उनसे बात करने और उन्हें सावधानी बरतने की सलाह देने का आग्रह किया।
देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी को देखते हुए, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार, 27 मई को नागरिकों से अत्यधिक गर्मी से बचाव के उपाय करने का आग्रह किया। उन्होंने लोगों से गर्मी से होने वाली बीमारियों से बचने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और सामुदायिक देखभाल पर जोर देने को भी कहा। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कई पोस्ट में प्रधानमंत्री मोदी ने नागरिकों को सलाह दी कि वे घर से बाहर निकलते समय पर्याप्त मात्रा में पानी पीने के साथ-साथ जितनी संभव हो उतनी सावधानियां बरतें।
इसे भी पढ़ें: क्वाड विदेशी मंत्रियों की नई दिल्ली बैठक के राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय कूटनीतिक मायने
मोदी ने लिखा कि देश के अलग-अलग हिस्सों में तापमान लगातार बढ़ रहा है और इसके साथ ही दैनिक जीवन में गर्मी से होने वाली कई कठिनाइयां भी बढ़ रही हैं। मैं सभी देशवासियों से आग्रह करता हूं कि जितनी अधिक सावधानी बरत सकें, अवश्य बरतें। कृपया स्वयं को हाइड्रेटेड रखें, घर से बाहर निकलते समय पानी साथ रखें। ऐसे मौसम में आपकी संवेदनशीलता भी बहुत बड़ा सहारा बन जाती है। यदि संभव हो, तो किसी प्यासे व्यक्ति को एक गिलास पानी अवश्य दें। मैं ऐसे लोगों की सराहना भी करूँगा जो अपने घरों के और दुकानों के बाहर मटके में जल रखते हैं ताकि कोई भी उनसे पानी पी सके।
प्रधानमंत्री ने कहा कि अत्यधिक गर्मी से होने वाली परेशानी, जैसे चक्कर आना, मतली या ज्यादा थकान लगे तो उसे बिल्कुल भी नजरअंदाज न करें। यदि आपके आसपास किसी व्यक्ति को अचानक बेहोशी जैसा लगे, कमजोरी महसूस करे या फिर अस्वस्थ दिखाई दे, तो उसे तुरंत किसी ठंडी और छायादार जगह पर ले जाएं। उसे पानी, ORS या अन्य तरल पदार्थ दें, जिससे शरीर को राहत मिल सके। बच्चे, बुज़ुर्ग और धूप में काम करने वाले लोग इस भीषण गर्मी में सबसे अधिक प्रभावित होते हैं। समय रहते ध्यान न देने पर यह स्थिति हीटस्ट्रोक जैसी गंभीर समस्या का रूप ले सकती है। ऐसे समय में आपकी सतर्कता और देखभाल किसी का जीवन बचा सकती है।
इसे भी पढ़ें: कावेरी विवाद: CM Vijay की PM Modi को चिट्ठी, Mekedatu Project सुप्रीम कोर्ट का उल्लंघन है
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जब भी संभव हो, अपने माता-पिता, दादा-दादी, नाना-नानी और अन्य प्रियजनों को फोन कर उनका हालचाल अवश्य पूछें। उन्हें पर्याप्त पानी पीने, दोपहर की तेज धूप में बाहर न निकलने और जितना हो सके, आराम करने की सलाह दें। मोदी ने आगे कहा कि इस प्रचंड गर्मी में हमें अपने आसपास के पशु-पक्षियों को भी नहीं भूलना चाहिए। अपने घर, बालकनी, छत, दुकान या ऑफिस के बाहर पानी से भरा एक छोटा-सा बर्तन रखना भी किसी प्यासे पक्षी के लिए जीवनदान बन सकता है। आइए, इन कठिन दिनों में पूरी संवेदनशीलता और करुणा के साथ एक-दूसरे का ध्यान रखें।
देशभर की राजनीति, ताज़ा घटनाओं और बड़ी खबरों से जुड़े रहने के लिए पढ़ें National News in Hindi केवल प्रभासाक्षी पर।
अन्य न्यूज़














