Thailand के गणेश भक्त पंथौन थीरखानोन की पीएम मोदी ने की तारीफ

PM Modi
ANI
एकता । Sep 27 2026 3:11PM

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में थाईलैंड के गणेश भक्त पंथौन थीरखानोन की सराहना की। उन्होंने बताया कि पंथौन ने थाईलैंड में 10 हजार से अधिक प्रतिमाओं वाला गणेश संग्रहालय स्थापित किया और वहां अष्टविनायक यात्रा को लोकप्रिय बनाया। पीएम ने इसे भारतीय आस्था और संस्कृति के वैश्विक प्रभाव का प्रतीक बताया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ कार्यक्रम में थाईलैंड के ‘गणेश भक्त’ पंथौन थीरखानोन की प्रशंसा की। पीएम मोदी ने उनकी गणेश भक्ति का जिक्र करते हुए बताया कि उनके प्रयासों से थाईलैंड के श्रद्धालुओं के बीच भी अष्टविनायक यात्रा लोकप्रिय हो चुकी है।

पीएम मोदी ने कहा कि इस महीने देशभर में लोगों ने पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ गणेश उत्सव मनाया। हर जगह भक्तिभाव से गणपति बप्पा का स्वागत किया गया। उन्होंने कहा कि यह पावन अवसर पूरे वातावरण को उमंग और उल्लास से भर देता है।

पीएम मोदी ने ‘मन की बात’ में क्या कहा

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश ज्ञान, बुद्धि और शुभ कार्यों की शुरुआत के प्रतीक हैं। उनके प्रति गहरी श्रद्धा सिर्फ भारत में ही नहीं, बल्कि दूसरे देशों में भी है।

थाईलैंड के पंथौन थीरखानोन का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने बताया कि थाईलैंड में भगवान श्री गणेश की पूजा ‘फ्रा फिकानेत’ के रूप में की जाती है। जब पंथौन थीरखानोन 19 साल के थे, तब उनके पिता ने उन्हें भगवान श्री गणेश की एक तस्वीर भेंट की थी। पीएम मोदी के अनुसार, यहीं से उनके मन में भगवान गणेश के प्रति गहरी भक्ति जागी।

इसे भी पढ़ें: जनगणना, 9/11 और सर्जिकल स्ट्राइक... Mann Ki Baat में PM Modi ने इन मुद्दों पर की बात

चार दशक से ज्यादा समय से कर रहे अध्ययन

पीएम मोदी ने बताया कि पंथौन थीरखानोन भगवान श्री गणेश से जुड़ी परंपराओं के अध्ययन में चार दशक से भी ज्यादा समय बिता चुके हैं। उन्होंने भारत और नेपाल समेत एशिया के कई देशों की यात्रा की है।

महाराष्ट्र से उनका विशेष लगाव रहा है। अष्टविनायक परंपरा के बारे में जानने के बाद वे कई बार महाराष्ट्र आ चुके हैं। पीएम मोदी ने कहा कि उनके प्रयासों से थाईलैंड के श्रद्धालुओं के बीच भी अष्टविनायक यात्रा लोकप्रिय हो चुकी है।

थाईलैंड में बनाया गणेश संग्रहालय

प्रधानमंत्री ने बताया कि वर्ष 2002 में पंथौन थीरखानोन ने उत्तरी थाईलैंड के चियांग माई में गणेश हिमाल म्यूजियम की स्थापना की थी। आज इस संग्रहालय में 10 हजार से ज्यादा गणेश प्रतिमाएं हैं।

इसे भी पढ़ें: Rajeev Chandrasekhar का राहुल गांधी पर हमला, पीएम मोदी और चुनाव आयोग से माफी की मांग की

भारत नहीं आ पाने वाले भक्तों के लिए भी अष्टविनायक प्रतिमाएं

पीएम मोदी ने ‘मन की बात’ में बताया कि इस संग्रहालय में उन भक्तों के लिए अष्टविनायक की प्रतिमाएं भी मौजूद हैं, जो भारत नहीं आ सकते। यहां हर रविवार सुबह करीब 10 बजे गणेश जी की पूजा-अर्चना की जाती है।

गणपति से जुड़े खास मौकों पर भी यहां अनुष्ठान होते हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह दिखाता है कि भारत की आस्था, कला और सांस्कृतिक परंपराएं दूसरे देशों में भी लोकप्रिय हो रही हैं। अंत में पीएम मोदी ने देशवासियों के लिए कामना की कि गणपति बप्पा का आशीर्वाद सभी पर हमेशा बना रहे।

All the updates here:

अन्य न्यूज़