राजस्थान में हिंसा को लेकर राजनीति जारी, CM गहलोत ने साधा भाजपा पर निशाना, पूनिया का पलटवार

CM Gehlot
अंकित सिंह । May 5 2022 10:16AM

आज भाजपा ने राज्य में हुंकार रैली निकाला है। राजस्थान के अलग-अलग इलाकों में भाजपा गहलोत सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है। दूसरी ओर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर बड़ा आरोप लगा दिया है।

राजस्थान में जारी हिंसा की वजह से इस पर राजनीति भी खूब हो रही है। रामनवमी के दौरान करौली में हिंसा हुई थी। अब जोधपुर में दो पक्षों के बीच तनाव की खबर है। राजस्थान में बढ़ते हिंसा और तनाव को लेकर भाजपा लगातार अशोक गहलोत और उनकी सरकार पर हमलावर है। इन सब के बीच आज भाजपा ने राज्य में हुंकार रैली निकाला है। राजस्थान के अलग-अलग इलाकों में भाजपा गहलोत सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है। दूसरी ओर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर बड़ा आरोप लगा दिया है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि भाजपा और आरएसएस एजेंडा तय कर रहे हैं।

अपने बयान में गहलोत ने कहा कि वे (आरएसएस और भाजपा) एजेंडा तय कर रहे हैं। वे करौली, जोधपुर और रामगढ़ में दंगे भड़काने की योजना बना रहे थे। हमने समय पर कार्रवाई की और उसके कारण केवल छोटी-छोटी घटनाएं हुईं लेकिन हमने अपराधियों को गिरफ्तार किया है और किसी को नहीं बख्शेंगे। हम राज्य में हिंसा नहीं होने देंगे। आरोपी भागते फिर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमने तय कर रखा है कि किसी भी कीमत पर राजस्थान में हिंसा नहीं होने देंगे, इनकी हरकतों का मुकाबला करेंगे। इससे पहले अशोक गहलोत ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा था कि उसे राजस्थान में शांति हजम नहीं हो रही है इसलिए वह कांग्रेस और राज्य सरकार को बदनाम करने के षड्यंत्र में लगी है।

इसे भी पढ़ें: विधानसभा चुनाव के बाद पहली बार अमित शाह करेंगे बंगाल का दौरा, रैली को करेंगे संबोधित

वहीं भाजपा की ओर से कहा गया है कि मुख्यमंत्री बजाय अपनी गलती मानने के इसे छोटी मोटी घटना बताकर अपना पल्ला झाड़ रहे हैं। इस मामले की गहनता से जांच होनी चाहिए। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतीश पूनिया ने कहा कि मुख्यमंत्री को जोधपुर आना चाहिए था, लेकिन उनको कांग्रेस के चिंतन शिविर की चिंता ज्यादा है, जोधपुर शहर के लोगों की सुरक्षा की चिंता नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासन में हनुमान चालीसा पढ़ना, भगवा लहराना और भगवा फहराना अपराध है तो यह हमारा दुर्भाग्य है। राजस्थान में बहुसंख्यकों पर हमले बर्दाश्त नहीं, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सुरक्षा सुनिश्चित करें, निर्दोषों को ना फंसाया जाए, एक भी दोषी ना बचे, सख्त कार्यवाही हो। 

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़