Evening News Brief: राष्ट्रपति चुनाव में मुर्मू और सिन्हा के बीच होगा मुकाबला, दिल्ली में बारिश से परेशान हुए लोग

Delhi Rains
ANI
एकता । Jun 30 2022 6:55PM

राष्ट्रपति चुनाव के लिए नामांकन पत्रों की जांच के बाद अब द्रौपदी मुर्मू और यशवंत सिन्हा के रूप में सिर्फ दो उम्मीदवार मुकाबले में रह गए हैं। इसके अलावा दिल्ली में बृहस्पतिवार सुबह मानसून की पहली बारिश होने से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली वहीं जल्दी ही कई जगहों पर जाम और पानी भरने से परेशानी का सामना भी करना पड़ा।

राष्ट्रपति चुनाव के लिए नामांकन पत्रों की जांच के बाद अब एनडीए की प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू और विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा के रूप में सिर्फ दो उम्मीदवार मुकाबले में रह गए हैं। इसके अलावा दिल्ली में बृहस्पतिवार सुबह मानसून की पहली बारिश होने से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली वहीं जल्दी ही कई जगहों पर जाम और पानी भरने से दिल्लीवासियों को परेशानी का सामना भी करना पड़ा।

नामांकन पत्रों की जांच के बाद राष्ट्रपति चुनाव में मुर्मू और सिन्हा के बीच मुकाबला


राष्ट्रपति चुनाव के लिए नामांकन पत्रों की जांच के बाद अब एनडीए की प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू और विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा के रूप में सिर्फ दो उम्मीदवार मुकाबले में रह गए हैं। राज्यसभा सचिवालय ने यह जानकारी दी। राष्ट्रपति चुनाव के लिए निर्वाचन अधिकारी एवं राज्यसभा के महासचिव पीसी मोदी ने कहा कि बुधवार तक 94 व्यक्तियों के कुल 115 नामांकन पत्र प्राप्त हुए थे, जिनमें से 28 को प्रस्तुत करते वक्त ही खारिज कर दिया गया था। उन्होंने बताया कि मानदंड पूरा नहीं करने को लेकर 107 नामांकन पत्र खारिज कर दिये गए। निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि द्रौपदी मुर्मू और यशवन्त सिन्हा के चार-चार सेट नामांकन पत्रों ने वैध नामांकन की सभी अर्हताओं को पूरा किया और उन्हें स्वीकार कर लिया गया। उन्होंने कहा कि उम्मीदवारों की अंतिम सूची 2 जुलाई को दोपहर 3 बजे के बाद राजपत्र में प्रकाशित की जायेगी जो नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि है। राष्ट्रपति चुनाव 18 जुलाई को होगा।

एससी-एसटी के खिलाफ अपराध के मामलों में प्राथमिकी दर्ज करने में देर नहीं होनी चाहिए: गृह मंत्रालय

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सभी राज्यों से कहा है कि अनुसूचित जाति (एससी) एवं अनुसूचित जनजाति (एसटी) के खिलाफ अपराध के मामलों में प्राथमिकी दर्ज करने में देरी नहीं होनी चाहिए और जिन मामलों की जांच दो महीने से अधिक वक्त तक चले, उनकी करीब से निगरानी की जानी चाहिए। सभी राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों को भेजे गए पत्र में गृह मंत्रालय ने यह भी कहा है कि जिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) एससी-एसटी के खिलाफ मामलों में त्वरित सुनवाई के लिए पुलिस अधिकारी एवं आधिकारिक गवाहों समेत अभियोजन के सभी गवाहों की वक्त पर पेशी और सुरक्षा को सुनिश्चित करें।

Maritime Security Meet: हिंद महासागर बहुत बड़ी संपदा, NSA डोभाल बोले- हमें सतर्क रहकर करना होगी रक्षा

राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल ने कहा है कि देश की समुद्री सुरक्षा से जुड़ी सभी एजेंसियों के बीच निर्बाध समन्वय आवश्यक है। डोभाल ने विविध-एजेंसी समुद्री सुरक्षा समूह की पहली बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि समुद्री सुरक्षा तंत्र से जुड़ी हुई सभी एजेंसियों और अन्य हितधारकों को भारत की प्रगति तथा विकास के समग्र दृष्टिकोण के साथ आपसी समन्वय स्थापित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि तेजी से बदलते हालात तथा बेहद जटिल और चुनौतीपूर्ण परिदृश्य में समुद्री क्षेत्र की सुरक्षा पर ध्यान देना आवश्यक है। डोभाल ने कहा कि मौजूदा भू-राजनीतिक घटनाक्रमों के मद्देनजर समुद्री सुरक्षा अधिक महत्वपूर्ण हो गयी है।

पंजाब विधानसभा ने अग्निपथ योजना के खिलाफ प्रस्ताव पारित किया


पंजाब विधानसभा ने केंद्र की अग्निपथ रक्षा भर्ती योजना के खिलाफ बृहस्पतिवार को एक प्रस्ताव पारित कर दिया। बहरहाल, भारतीय जनता पार्टी के दो विधायकों अश्विनी शर्मा और जांगी लाल महाजन ने प्रस्ताव का विरोध किया। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सदन में इस प्रस्ताव को पेश किया। प्रस्ताव पर चर्चा में भाग लेते हुए भगवंत मान ने कहा कि वह जल्द ही अग्निपथ योजना के मुद्दे को प्रधानमंत्री तथा केंद्रीय गृह मंत्री के समक्ष उठाएंगे। अग्निपथ योजना का विरोध करते हुए मान ने कहा कि यह योजना देश के युवाओं के विरुद्ध है। विपक्ष के नेता और कांग्रेस विधायक प्रताप सिंह बाजवा ने मांग की कि अग्निपथ योजना वापस ले ली जाए।

अमित शाह ने भूस्खलन पर मणिपुर के मुख्यमंत्री, रेल मंत्री से बात की


केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मणिपुर में एक रेलवे निर्माण स्थल के समीप भूस्खलन के बाद बृहस्पतिवार को पूर्वोत्तर राज्य के मुख्यमंत्री एन बिरेन सिंह और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से बात की। गृह मंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल का एक दल भूस्खलन स्थल पर पहुंच गया है जबकि दो और दल रास्ते में हैं। अमित शाह ने ट्वीट किया, ‘‘मणिपुर में टुपुल रेलवे स्टेशन के समीप भूस्खलन के बाद मुख्यमंत्री एन बिरेन सिंह और अश्विनी वैष्णव से बातचीत की। बचाव अभियान पूरे जोर-शोर से चल रहा है। एनडीआरएफ का एक दल घटनास्थल पर पहुंच गया है और बचाव अभियान में शामिल हो गया। दो और दल टुपुल के रास्ते में हैं।’’ उल्लेखनीय है कि मणिपुर के नोनी जिले में रेलवे निर्माण स्थल पर भीषण भूस्खलन के बाद दो लोगों की मौत हो गयी तथा स्थानीय और सैन्य कर्मियों समेत दर्जनों लोग लापता हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बिरेन सिंह से फोन पर बात की और राज्य के नोनी जिले में एक रेलवे निर्माण स्थल पर हुए भीषण भूस्खलन से पैदा हुई स्थिति की समीक्षा की। प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर यह जानकारी दी।

कारोबार सुगमता रैंकिंग में आंध्र प्रदेश, गुजरात समेत सात राज्य सबसे सफल प्रदेशों की सूची में शामिल


व्यापार सुधार कार्य योजना 2020 को लागू करने के मामले में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की रैंकिंग में आंध्र प्रदेश, गुजरात और तेलंगाना सबसे सफल प्रदेशों की श्रेणी के अंतर्गत शीर्ष सात में शामिल हैं। वित्त मंत्री निर्मला सीतामरण ने इस बारे में रिपोर्ट जारी की। हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, ओड़िशा और मध्य प्रदेश अन्य राज्य हैं, जिन्हें रैंकिंग में लक्ष्य हासिल करने को लेकर सफल राज्यों के रूप में वर्गीकृत किया गया है। आकांक्षी श्रेणी में असम, केरल और गोवा सहित सात राज्य शामिल हैं। रिपोर्ट के अनुसार उभरते कारोबारी परिवेश की श्रेणी में दिल्ली, पुडुचेरी और त्रिपुरा सहित 11 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को रखा गया है।

बेदर्द गर्मी का जुल्म सह रहे दिल्लीवालों को बारिश ने दिलाई राहत, मानसून की दस्तक के साथ बदला मौसम


दिल्ली में बृहस्पतिवार सुबह मानसून की पहली बारिश होने से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली वहीं जल्दी ही कई जगहों पर जाम और पानी भरने से दिल्लीवासियों को परेशानी का सामना भी करना पड़ा। दिल्ली यातायत पुलिस ने ट्वीट कर लोगों से ऐसे रास्तों से बचने की अपील की। यातायात पुलिस ने ट्वीट किया, भारत मौसम विज्ञान विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, आज दिल्ली तथा उसके आसपास के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है और तेज हवाएं भी चल सकती हैं। लोगों से अपील है कि वे इसके अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाएं। हम आपको बता दें कि भारी बारिश के कारण दिल्ली के कई हिस्सों जैसे आईटीओ, बारापुला, रिंग रोड और राष्ट्रीय राजधानी की सीमाओं, विशेष रूप से दिल्ली-नोएडा सीमा, चिल्ला बॉर्डर, यूपी गेट, दिल्ली-गुरुग्राम सड़क पर भारी जाम लग गया।

इजराइल की संसद भंग, 4 साल में पांचवीं बार देश में होंगे आम चुनाव, क्या दोबारा बेंजामिन नेतन्याहू की होगी वापसी


इजराइल की संसद बृहस्पतिवार को भंग कर दी गई और चार साल से भी कम समय में पांचवीं बार नवंबर में आम चुनाव कराने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। देश की संसद ने इस संबंध में निर्णय लिया। इजराइल के विदेश मंत्री और निवर्तमान सरकार के गठन में प्रमुख भूमिका निभाने वाले यैर लैपिड शुक्रवार को मध्यरात्रि के बाद देश के कार्यवाहक प्रधानमंत्री बनेंगे। वह 14वें व्यक्ति होंगे जो यह पदभार संभालेंगे। उल्लेखनीय है कि (निवर्तमान प्रधानमंत्री) नफ्ताली बेनेट इजराइल के इतिहास में सबसे कम समय तक प्रधानमंत्री पद पर रहे हैं। उनकी सरकार गठन होने के एक साल बाद ही गिर गई। संसद को भंग करने के प्रस्ताव का 92 सदस्यों ने समर्थन किया जबकि किसी सदस्य ने इसका विरोध नहीं किया। आम चुनाव अब एक नवंबर को होंगे।

भारतीय पुरुष हॉकी टीम पर कोविड का साया, स्ट्राइकर गुरजंत और कोच ग्राहम रीड हुए पॉजिटिव

राष्ट्रमंडल खेलों के लिए भारतीय पुरुष हॉकी टीम के तैयारी शिविर पर बृहस्पतिवार को कोविड-19 का प्रकोप दिखा जब स्ट्राइकर गुरजंत सिंह और मुख्य कोच ग्राहम रीड सहित पांच खिलाड़ी वायरस के लिए पॉजिटिव पाए गए। बुधवार सुबह आरटी-पीसीआर परीक्षण किया गया था। संक्रमित लोगों में हल्के लक्षण नजर आ रहे हैं और उन्हें पृथकवास पर रखा गया है। हॉकी इंडिया ने बिना किसी का नाम लिए मीडिया विज्ञप्ति में कहा, ‘‘राष्ट्रमंडल खेल 2022 की तैयारी कर रही भारतीय पुरुष हॉकी टीम के दो खिलाड़ी और सहयोगी स्टाफ के तीन सदस्य कोविड-19 पॉजिटिव पाए गए हैं।’’ टीम के एक सूत्र ने बताया, ‘‘गुरजंत और ग्राहम रीड संक्रमित हो गए हैं। टीम का वीडियो विश्लेषक अशोक कुमार चिन्नास्वामी भी पॉजिटिव पाया गया है।’’

उतार-चढ़ाव भरे में कारोबार में सेंसेक्स, निफ्टी में मामूली गिरावट


वैश्विक स्तर पर कमजोर रुख के बीच स्थानीय शेयर बाजारों में बृहस्पतिवार को मामूली गिरावट रही। शुरुआती मजबूती गंवाने के बाद बीएसई सेंसेक्स उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में आठ अंक टूटकर बंद हुआ। तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 8.03 अंक यानी 0.02 प्रतिशत फिसलकर के 53,018.94 अंक पर बंद हुआ। वहीं दूसरी तरफ, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 18.85 अंक यानी 0.12 प्रतिशत के गिरावट लेकर 15,780.25 अंक पर बंद हुआ।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़