राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने महर्षि वाल्मीकि को याद किया

President and Prime minister recalled Maharshi Valmiki

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आदि कवि महर्षि वाल्मीकि को उनकी जयंती पर याद किया।

नयी दिल्ली। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आदि कवि महर्षि वाल्मीकि को उनकी जयंती पर याद किया। राष्ट्रपति के आधिकारिक टि्वटर हैंडल पर पोस्ट किया गया है, ‘‘सामाजिक समरसता के प्रतीक आदि कवि महर्षि वाल्मीकि की जयंती पर देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं—राष्ट्रपति कोविन्द।’’

उपराष्ट्रपति के आधिकारिक टि्वटर हैंडल पर महर्षि की एक तस्वीर के साथ पोस्ट किया गया है, ‘‘श्रद्धेय आदि कवि और कालातीत महाकाव्य रामायण के रचयिता महर्षि वाल्मीकि को आज उनकी जयंती पर नमन।’’ उन्होंने लिखा है, ‘‘रामायण धर्म, सत्यनिष्ठा, दयालुता, सहानुभूति, नैतिक मूल्यों और आत्मबलिदान के महत्व को बताता है।’’

उन्होंने लिखा है, ‘‘अयोध्या में भगवान राम के शासन को ‘रामराज्य’ कहा गया जो उत्तम शासन का प्रतीक है।’’ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ट्वीट किया है, ‘‘वाल्मीकि जयंती पर नमन। महान संत और साहित्यकार, उनके महान विचार और काम पीढ़ियों तक हमारा मार्ग दर्शन करेंगे। वाल्मीकि जयंती पर शुभकामनाएं।’’ उपराष्ट्रपति सहित अन्य मंत्रियों और विभिन्न क्षेत्रों के लोगों ने भी आदि कवि को उनकी जयंती पर याद किया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़