प्रधानमंत्री ने योग को ‘अंतरराष्ट्रीय आंदोलन’ बनाया: मुख्तार अब्बास नकवी

Prime Minister made yoga an international movement: Mukhtar Abbas Naqv
केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने आज कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योग को ‘अंतरराष्ट्रीय आंदोलन’ बना दिया है।

रांची। केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने आज कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योग को ‘अंतरराष्ट्रीय आंदोलन’ बना दिया है। नकवी ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर रांची के धुरवा में प्रभात तारा मैदान में झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास के साथ योग कार्यक्रम में भाग लिया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि योग दुनिया की सेहत का “भारतीय हेल्थ हैंपर” है। नकवी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने भारत की सदियों पुरानी विरासत योग को एक "अंतरराष्ट्रीय आंदोलन" बनाया है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘योग धर्म, देश, भाषा की दीवारों को तोड़कर स्वस्थ मन-मस्तिष्क के साथ इंसान को इंसानियत के मूल्यों के साथ एकता के सूत्र में बांधने में मददगार साबित हो रहा है।’’ नकवी ने कहा, ‘‘ योग को आज दुनिया भर में पहचान और महत्व मिल रहा है। योग भारत की प्राचीन परंपरा का एक अमूल्य उपहार है, यह दिमाग और शरीर की एकता का प्रतीक है।’’ उन्होंने कहा कि वह स्वयं पिछले कई वर्षों से योग करते आ रहे हैं। योग केवल व्यायाम नहीं है बल्कि यह "सेहत विज्ञान" भी है।

Disclaimer:प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


अन्य न्यूज़