प्रियंका की राजनीतिक एंट्री से भाजपा पर नहीं होगा कोई असर: झड़फिया

priyanka-s-political-entry-will-not-affect-bjp-says-jhadapia
[email protected] । Jan 24 2019 3:36PM

झड़फिया ने कहा, ‘‘यह उस पार्टी और परिवार का मसला है कि किसे क्या दायित्व दिया जाता है। लेकिन भाजपा की संभावनाओं पर इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा ।’’ उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकास कार्य सब पर भारी पड़ेंगे।

नयी दिल्ली। भाजपा के उत्तर प्रदेश प्रभारी गोवर्द्धन झड़फिया ने प्रियंका गांधी वाड्रा को कांग्रेस का महासचिव और पूर्वी उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाए को ‘पारिवारिक मसला’ करार देते हुए कहा कि भाजपा को इससे कोई फर्क नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि वह (प्रियंका) भी तो गांधी-नेहरू परिवार का ही हिस्सा हैं और इसी परिवार के राहुल गांधी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष हैं। झड़फिया ने कहा, ‘‘यह उस पार्टी और परिवार का मसला है कि किसे क्या दायित्व दिया जाता है। लेकिन भाजपा की संभावनाओं पर इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा ।’’ उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकास कार्य सब पर भारी पड़ेंगे। 

झड़फिया से पूछा गया था कि प्रियंका गांधी के राजनीति में औपचारिक रूप से उतरने और उन्हें महासचिव व पूर्वी उत्तरप्रदेश का प्रभारी बनाये जाने से भाजपा की चुनावी संभावनाओं पर क्या प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने कहा, ‘‘मै पूछना चाहता हूं कि क्या राहुल गांधी, जो कांग्रेस अध्यक्ष हैं, क्या वे गांधी- नेहरू परिवार से नहीं आते हैं ? इसी प्रकार से कांग्रेस का मागर्दशन करने वाली सोनिया गांधी भी इसी परिवार से आती हैं। प्रियंका गांधी वाड्रा भी अमेठी, रायबरेली में पहले चुनाव प्रचार में शामिल रही हैं। इस प्रकार से कुछ नयी बात सामने नहीं आई है। यह तो अपेक्षित ही था।’’ भाजपा नेता ने कहा कि यह उस पार्टी (कांग्रेस) और परिवार का मसला है कि वे किसे कौन सा पद देते हैं। लेकिन इतना पक्का हो गया है कि कांग्रेस परिवारोन्मुखी पार्टी है। 

यह भी पढ़ें: सिब्बल का मोदी पर कटाक्ष, कहा- अब वाराणसी और गोरखपुर भी होगा भाजपा मुक्त

यह पूछे जाने पर कि कुछ राजनीतिक विश्लेषकों का मत है कि प्रियंका गांधी के सक्रिय रूप से राजनीति में आने से कांग्रेस के साथ अगड़ा वर्ग फिर से जुड़ेगा, उत्तरप्रदेश भाजपा प्रभारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के गरीबों एवं राष्ट्र के समग्र विकास के लिये काम किया है, जातियों के आधार पर कोई भेद नहीं किया। देश को 30 साल तक अस्थिरता के दौर से गुजरना पड़ा और इसके बाद मोदी के नेतृत्व में एक स्थिर सरकार मिली। अब जनता एक बार फिर अस्थिरता को जनादेश नहीं देगी। उन्होंने जोर दिया कि चुनावी राजनीति में पार्टियां बदलती रहती हैं, कोई जीतता है, कोई हारता है लेकिन पहली बार मोदी ने जनहित में व्यवस्था बदलने का काम किया है। 

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़