Indraprastha Sahitya Bharati ने साहित्य परिक्रमा के नए अंक पर आयोजित की परिचर्चा

नई दिल्ली में इंद्रप्रस्थ साहित्य भारती द्वारा त्रैमासिक पत्रिका साहित्य परिक्रमा के नवीनतम अंक पर परिचर्चा आयोजित की गई। उपस्थित साहित्यकारों ने इस अंक को युवा चेतना, वाचन संस्कृति और राष्ट्रीय विमर्श का सशक्त माध्यम बताया। वक्ताओं ने पत्रिका में परंपरा, आधुनिक तकनीक और समकालीन विषयों के सुंदर संतुलन की सराहना करते हुए इसे अत्यंत उपयोगी प्रयास कहा।
इंद्रप्रस्थ साहित्य भारती, मध्य साहित्य केंद्र द्वारा त्रैमासिक पत्रिका 'साहित्य परिक्रमा' के नवीनतम अक्तूबर-नवंबर-दिसंबर अंक पर चर्चा की गई। यह कार्यक्रम शनिवार को प्रवासी भवन, नई दिल्ली में आयोजित किया गया। विदित हो कि यह पत्रिका अखिल भारतीय साहित्य परिषद् न्यास द्वारा प्रकाशित की जाती है।
इस अवसर पर सुप्रसिद्ध लेखक राजेश्वर वशिष्ठ ने कहा कि इंदुशेखर तत्पुरुष द्वारा संपादित साहित्य परिक्रमा का यह अंक युवा जगत में साहित्य विषय का प्रतिनिधित्व करता है। इसमें मिलिंद मराठे, शिवेश प्रताप, नवीन कुमार नीरज, गौरव गौतम, स्वस्ति शर्मा, विनीता शास्त्री के लेख बहुत उपयोगी हैं। कन्नड़ से कुवेंपु की रचना का अनुवाद, प्रवीण दावड़े, गिरीश पंकज की कहानियां और हेमंत शेष की कविता पठनीय हैं। बाल साहित्य पर विनोद बब्बर का आलेख महत्वपूर्ण है।
वरिष्ठ साहित्यकार शकुंतला मित्तल ने कहा कि ‘साहित्य परिक्रमा’ का यह अंक केवल रचनाओं का संकलन नहीं, बल्कि अपने समय, समाज और बदलती पीढ़ी से संवाद का सार्थक प्रयास है। संपादक ने युवा पीढ़ी और साहित्य के संबंधों पर महत्वपूर्ण प्रश्न उठाए हैं। वाचन संस्कृति, युवा चेतना और साहित्यिक विरासत पर केंद्रित आलेख विचारोत्तेजक हैं। पत्रिका की विशेषता है कि यह परंपरा और नवाचार के बीच सुंदर संतुलन बनाती है। उन्होंने सुझाव दिया कि युवा रचनाकारों और बाल साहित्य को नियमित स्थान मिले।
लेखक संजीव त्रिपाठी ने कहा कि 'साहित्य परिक्रमा' पत्रिका अपने नाम को चरितार्थ करती है तथा यह ज्ञान के प्रकाश से आलोकित करती है। वाचन संस्कृति से ज्ञान के साथ भावना में वृद्धि होती है, जिससे आत्मबोध से विश्वबोध की संकल्पना साकार हो। संपादकीय, मिलिंद मराठे का वाचन संस्कृति पर जोर तथा ऋषि मिश्र की 'आत्मबोध से विश्वबोध की संकल्पना', जिसमें उन्होंने उमेश सिंह द्वारा लिखी गई पुस्तक 'सांस्कृतिक विरासत में संतों की भूमिका' पर प्रकाश डाला, अत्यंत प्रेरणादायक हैं।
समीक्षक अविरल अभिलाष ने कहा कि यह अंक युवाओं को आधुनिक तकनीक और भारतीय संस्कृति के बीच सशक्त सेतु के रूप में रेखांकित करता है। युवा पीढ़ी को आधुनिक तकनीक और भारतीय संस्कृति के बीच सशक्त सेतु के रूप में देखना समय की आवश्यकता है। मिलिन्द मराठे के डिजिटल व्रत और स्क्रीन टाइम से रीडिंग टाइम जैसे सुझाव वाचन संस्कृति को बढ़ावा देते हैं तो शिवेश प्रताप डिजिटल मनोविज्ञान और प्रदर्शन-आधारित लोकतांत्रिक चेतना का सटीक विश्लेषण करते हैं। आदिति नारायणी पासवान विकसित भारत 2047 में नागरिक कर्तव्यबोध व एआई में भारतीय भाषाओं की भूमिका रेखांकित करती हैं जबकि नवीन चौधरी सरल व प्रभावी संवाद के व्यावहारिक सूत्र देते हैं। अनामिका युवाओं को परंपरा और नवीनता का संवाहक बताते हुए डिजिटल माध्यमों की सीमाओं पर गंभीर दृष्टि डालती हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि विषयगत दोहराव से बचते हुए समकालीन साहित्यिक कृतियों की प्रत्यक्ष चर्चा, शीर्षक व विषयवस्तु के संतुलन तथा भाषा-शोधन पर थोड़ा और ध्यान दिया जाए तो यह भारत-बोध से युक्त विमर्श और अधिक प्रभावी बन सकेगा।
लेखिका स्वस्ति शर्मा ने कहा कि इस पत्रिका में युवा सक्रियता को लेकर अच्छी सामग्री प्रस्तुत की गई है, जिसकी समकालीन परिदृश्य में आवश्यकता रेखांकित हो रही थी। उन्होंने सुझाव दिया कि चूंकि पत्रिका का विषयवस्तु बहुआयामी है, इसलिए अच्छा रहेगा कि अनुक्रमणिका में अलग-अलग खंड बनाकर इसे प्रस्तुत किया जाए।
'साहित्य परिक्रमा', दिल्ली प्रांत प्रमुख ममता वालिया ने कहा कि इस अंक में सामाजिक और राष्ट्रीय चेतना को जागृत करने वाला साहित्य समाहित है। इसमें बाल साहित्य, युवा साहित्य, दिमागी नक्सल, साहित्य में आस्था जैसे विषयों पर लेख प्रकाशित किए गए हैं।
इस चर्चा में वरिष्ठ साहित्यकार रामशरण गौड़, सुरेन्द्र कुमार अरोड़ा, पुष्पा सिन्हा, खुशी श्रीवास्तव एवं चंदन कुमार ने भी अपने विचार व्यक्त किए। चर्चा का संचालन आलोक रंजन ने किया।
इस कार्यक्रम में अखिल भारतीय साहित्य परिषद् के अ.भा. संगठन मंत्री मनोज कुमार, अ.भा. संयुक्त महामंत्री नीलम राठी, इंद्रप्रस्थ साहित्य भारती के अध्यक्ष विनोद बब्बर, केंद्रीय कार्यालय सचिव संजीव सिन्हा, अखिलानंद पाठक, गणेश शंकर श्रीवास्तव, मुन्ना रजक, भूपेंद्र तिवारी, पवन त्रिपाठी, अनु कुमारी, आयेंद्र, संतोष सेठ एवं चेतन ने भी सहभागिता की।
अन्य न्यूज़













