Raftaar Top 10 News Hindi | हावड़ा में हिंसा पर बवाल, मोदी डिग्री मामले में केजरीवाल को झटका

raftar pic
ANI
अंकित सिंह । Mar 31 2023 5:28PM

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस से बात की और हावड़ा में हुई हिंसा की स्थिति का जायजा लिया। इसके साथ ही उन्होंने पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष सुकांता मजूमदार को फोन किया और उनसे पश्चिम बंगाल के कानून व्यवस्था को लेकर जानकारी ली है।

Violence in Howrah | अमित शाह ने राज्यपाल से की बात

पश्चिम बंगाल के हावड़ा में रामनवमी के दिन हुए बवाल को लेकर राजनीति जबरदस्त तरीके से जारी है। इन सब के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस से बात की और हावड़ा में हुई हिंसा की स्थिति का जायजा लिया। इसके साथ ही उन्होंने पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष सुकांता मजूमदार को फोन किया और उनसे पश्चिम बंगाल के कानून व्यवस्था को लेकर जानकारी ली है। हावड़ा में हुए बवाल को लेकर भाजपा जबरदस्त तरीके से ममता बनर्जी और उनके सरकार पर हमलावर है। तो दूसरी ओर ममता बनर्जी भी लगातार भाजपा पर निशाना साध रही है। 

इसे भी पढ़ें: West Bengal में रामनवमी के दिन हुई हिंसा को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का खेला शुरू

दिग्विजय को लेकर राजनीति

केंद्रीय कानून मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता किरेन रीजीजू ने यह कहते हुए एक बार फिर पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह पर निशाना साधा कि ‘वास्तव में लोकतंत्र की हत्या’ 1975 में की गयी थी। उनका संदर्भ कांग्रेस की तत्कालीन सरकार के दौरान आपातकाल लगाये जाने से जुड़ा था। दिग्विजय सिंह ने राहुल गांधी को लोकसभा की सदस्यता के अयोग्य ठहराये जाने के मामले में जर्मनी के विदेश मंत्रालय और डॉयचे वेले के मुख्य अंतरराष्ट्रीय संपादक रिचर्ड वॉकर द्वारा भारतीय लोकतंत्र के संबंध में की गयी टिप्प्णी को लेकर उनका धन्यवाद किया था। वहीं, राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने कहा कि हमें विदेश से समर्थन की आवश्यकता नहीं है। 

सिद्धू की पटियाला जेल से रिहाई की संभावना

कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू पटियाला जेल से एक अप्रैल को रिहा किये जा सकते हैं। यह जानकारी उनके अधिवक्ता एचपीएस वर्मा ने शुक्रवार को दी। वर्ष 1988 के रोड रेज के मामले में 59 वर्षीय सिद्धू एक साल जेल की सजा काट रहे हैं।

मोदी डिग्री: भाजपा ने की केजरीवाल की आलोचना

गुजरात उच्च न्यायालय द्वारा केंद्रीय सूचना आयोग (सीआईसी) के सात साल पुराने एक आदेश को शुक्रवार को रद्द किए जाने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा और उन पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ ‘झूठ फैलाने’ का आरोप लगाया।यह आदेश प्रधानमंत्री मोदी की डिग्री के बारे में केजरीवाल को जानकारी उपलब्ध कराने के बारे में था। सीआईसी के आदेश के खिलाफ गुजरात विश्वविद्यालय की अपील को स्वीकार करते हुए न्यायमूर्ति बीरेन वैष्णव ने केजरीवाल पर 25,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया। 

‘आप’ के आठ कार्यकर्ता गिरफ्तार

गुजरात में अहमदाबाद शहर के विभिन्न इलाकों में ‘मोदी हटाओ, देश बचाओ’ के पोस्टर लगाकर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में आम आदमी पार्टी (आप) के आठ कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है। ‘आप’ की गुजरात इकाई ने गिरफ्तारी की निंदा करते हुए कहा कि इस कदम ने साबित कर दिया है कि ‘‘लोकतंत्र खतरे में है।’’ 

बावड़ी से एक के बाद एक 36 शव निकाले गये

इंदौर के जिस पटेल नगर स्थित मंदिर के नीचे बरसों दबी रही बावड़ी में गिरकर 36 श्रद्धालु काल के गाल में समा गए, वहां अब शोक का चुभने वाला सन्नाटा पसरा है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को कहा कि राज्य सरकार जांच के बाद इस हादसे के दोषियों की जिम्मेदारी तय करेगी। मुख्यमंत्री ने इस हादसे के अगले दिन एक निजी अस्पताल में भर्ती 16 पीड़ितों का हाल-चाल जाना और इसके बाद पटेल नगर के बेलेश्वर महादेव झूलेलाल मंदिर में घटनास्थल का दौरा किया।

सरकार कोविड संबंधी हालात पर नजर रख रही: केजरीवाल

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को कहा कि दिल्ली सरकार कोविड-19 के मामलों में बढ़ोतरी पर नजर रख रही है और ‘‘हर प्रकार की स्थिति से निपटने के लिए तैयार’’ है। केजरीवाल ने कहा कि पिछले चार-पांच दिन में संक्रमण से तीन मरीजों की मौत हुई और ये लोग पहले से ही किसी ‘‘अत्यंत गंभीर’’ बीमारी से ग्रसित थे।

नेपाल के प्रधानमंत्री प्रचंड ने मंत्रिमंडल का विस्तार किया

नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दाहाल ‘प्रचंड’ ने शुक्रवार को तीन महीने में सातवीं बार अपने मंत्रिमंडल का विस्तार किया और नेपाली कांग्रेस सहित पांच नए दलों के मंत्रियों को शामिल किया। राष्ट्रपति कार्यालय ‘शीतल निवास’ में नवनियुक्त मंत्रियों को राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। 

इसे भी पढ़ें: Violence in Howrah | अमित शाह ने राज्यपाल से की बात, बंगाल भाजपा अध्यक्ष को भी लगाया फोन, शुभेंदु ने HC में दायर की याचिका

वित्त वर्ष के आखिरी दिन बाजार में जोरदार तेजी

मजबूत वैश्विक रुख और रिलायंस इंडस्ट्रीज में भारी लिवाली के बीच वित्त वर्ष 2022-23 के आखिरी दिन शुक्रवार को प्रमुख सूचकांक बीएसई सेंसेक्स में 1,031 अंक से अधिक की तेजी रही। शेयर बाजार में विदेशी कोषों की ताजा आवक से भी कारोबारी धारणा मजबूत हुई। 

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़