राहुल गांधी पहुंचे महाकाल के दर, मालवा-निमाड़ क्षेत्र में चुनावी दौरे की शुरूआत की

rahul-gandhi-s-introduction-of-malakhal-rate-election-tour-in-malwa-and-nimad-region
गांधी ने मंत्रोच्चार के बीच ऐतिहासिक महाकाल मंदिर के गर्भगृह में सफेद धोती (मंदिर में इसे शोला कहा जाता है) पहनकर ज्योतिर्लिंग की पूजा अर्चना की। गांधी लगभग आधे घंटे तक मंदिर में रहे।

 उज्जैन। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को यहां प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में पूजा अर्चना की और इसी के साथ ही राजनीतिक तौर पर अहम माने जाने वाले मालवा-निमाड़ क्षेत्र के अपने दो दिवसीय चुनावी दौरे की शुरूआत की। गांधी ने मंत्रोच्चार के बीच ऐतिहासिक महाकाल मंदिर के गर्भगृह में सफेद धोती (मंदिर में इसे शोला कहा जाता है) पहनकर ज्योतिर्लिंग की पूजा अर्चना की। गांधी लगभग आधे घंटे तक मंदिर में रहे। 

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ और प्रदेश कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष ज्योतिरादित्य सिंधिया भी मंदिर में मौजूद थे। कांग्रेस के प्रवक्ता पंकज चतुर्वेदी ने बताया कि राहुल गांधी दूसरी बार महाकालेश्वर मंदिर आये हैं। इससे पहले वह वर्ष 2010 में यहां आये थे जबकि कांग्रेस अध्यक्ष के तौर पर वह पहली बार महाकालेश्वर मंदिर आये हैं। उन्होंने बताया कि इससे पहले उनकी दादी पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी 1979 में, उनके पिता राजीव गांधी 1987 में और उनकी मां सोनिया गांधी 2008 में इस विश्व प्रसिद्ध मंदिर में आकर भगवान महाकाल के दर्शन कर चुके हैं।

गौरतलब है कि मध्यप्रदेश की राजनीतिक में अहम माने जाने वाले मालवा- निमाड़ इलाके में विधानसभा की 66 सीटें हैं। वर्तमान में इनमें से भाजपा के पास 56 सीटें, और कांग्रेस के पास नौ सीटें हैं जबकि एक सीट निर्दलीय विधायक के कब्जे में हैं। प्रदेश विधानसभा में कुल 230 विधानसभा सीटें हैं। मध्यप्रदेश में 28 नवंबर को विधानसभा चुनाव होने हैं।

सूत्रों ने बताया कि मंदिर के अधिकृत पुजारी पंडित धनश्याम तिवारी ने गांधी को पूजा अर्चना करवाई। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की 14 जुलाई को जनआशिर्वाद यात्रा के शुभारंभ के मौके पर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने भी अपनी उज्जैन यात्रा के दौरान यहां महाकालेश्वर मंदिर में पूजा अर्चना की थी।

Disclaimer:प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


अन्य न्यूज़