संसद में परिसीमन बिल के खिलाफ Rahul Gandhi ने MK Stalin से मांगी मदद

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने द्रमुक प्रमुख एमके स्टालिन से केंद्र सरकार के प्रस्तावित संविधान संशोधन विधेयक का संसद में विरोध करने का अनुरोध किया है। गांधी ने कहा कि सदन की सीटें बढ़ाकर 850 करने से देश का लोकतंत्र प्रभावित होगा और भाजपा को अनुचित लाभ मिलेगा। इस पर स्टालिन ने कहा कि वे हमेशा तमिलनाडु के हितों को सर्वोपरि रखेंगे।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने रविवार को द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के प्रमुख एम.के. स्टालिन से अपील की कि वह संसद में सरकार द्वारा लाए जा रहे संविधान संशोधन विधेयक (जिसमें परिसीमन भी शामिल है) को गिराने के लिए विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ का साथ दें। गांधी की अपील पर स्टालिन ने प्रतिक्रिया देते हुए ‘‘संविधान और राज्यों के अधिकारों की रक्षा में द्रमुक की ऐतिहासिक भूमिका को मान्यता देने’’ के लिए कांग्रेस नेता को धन्यवाद दिया और कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि ‘‘इतिहास हमें एट्टप्पन के रूप में नहीं, बल्कि कट्टाबोम्मन के रूप में देखेगा’’। वीरपांडिया कट्टाबोम्मन एक वीर तमिल राजा थे, जिन्होंने 18वीं शताब्दी में अंग्रेजों का बहादुरी से विरोध किया था।
तत्कालीन विदेशी शासकों ने उन्हें पकड़ने के बाद फांसी पर लटका दिया था। वहीं, तमिल भाषा में ‘एट्टप्पन’ शब्द का इस्तेमाल आमतौर पर गद्दार के लिए किया जाता है। गांधी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर की एक पोस्ट में कहा, ‘‘ विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के वरिष्ठ नेता और मैं तिरु एमके स्टालिन से मिलने जा रहे हैं, ताकि उनसे और द्रमुक से परिसीमन संबंधी संवैधानिक संशोधन विधेयकों का विरोध करने का आग्रह कर सकें।’’ लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सदन की सीट की संख्या बढ़ाकर 850 करने से भारत में लोकतंत्र खत्म हो जाएगा।
उन्होंने कहा, ‘‘इससे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)- राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) को भारत के पूरे चुनावी नक्शे को अपने फायदे के हिसाब से फिर से तैयार करने के लिए असीमित ताकत मिल जाएगी।’’ गांधी ने कहा, ‘‘भाई स्टालिन हमेशा से तमिल-विरोधी ताकतों के खिलाफ एक चट्टान की तरह डटे रहे हैं। राष्ट्रीय हित में, तमिलनाडु के हित में और संविधान की रक्षा के लिए, हमें मिलकर इस विधेयक को गिराना होगा।’’ स्टालिन ने गांधी के पोस्ट को टैग करते हुए ‘एक्स’ पर जवाब दिया, ‘‘ संविधान और राज्यों के अधिकारों की रक्षा में द्रमुक की ऐतिहासिक भूमिका को स्वीकार करने के लिए भाई राहुल गांधी का बहुत-बहुत धन्यवाद।’’ तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘हमने हमेशा हर फैसला तमिलनाडु और अपने तमिल लोगों के हितों को सबसे ऊपर रखकर लिया है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम इस रास्ते पर कोई समझौता नहीं करेंगे और मुझे पूरा भरोसा है कि इतिहास हमें कट्टाबोम्मन के रूप में याद रखेगा, न कि एट्टप्पन के रूप में।’’ सूत्रों के अनुसार, संसद की विशेष बैठक से पहले विपक्षी ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के शीर्ष नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल रविवार को चेन्नई में स्टालिन और मुंबई में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) प्रमुख शरद पवार के साथ बातचीत करेगा। इस प्रतिनिधिमंडल में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी, तथा तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी शामिल हैं।
ये बैठकें ऐसे समय हो रही हैं जब विपक्ष सरकार के संविधान संशोधन विधेयक (जिसमें परिसीमन भी शामिल है) को संसद में गिराने के लिए जरूरी संख्या जुटाने की कोशिश कर रहा है। द्रमुक ने पहले ही सरकार द्वारा प्रस्तावित विधेयकों को अपना समर्थन देने की घोषणा कर दी है जबकि पवार की पार्टी ने भी सरकार के पक्ष में मतदान करने का संकेत दिया है।
अन्य न्यूज़













