17 दिन बाद राहुल की वतन वापसी, जल्लीकट्टू कार्यक्रम में होंगे शामिल

Rahul
अभिनय आकाश । Jan 13 2021 1:22PM

राहुल गांधी आज इटली से लौट रहे हैं। राहुल गांधी तमिलनाडु जाएंगे और वहां होने वाले जल्लिकट्टू कार्यक्रम में शामिल होंगे। देश में जारी किसान आंदोलन के बीच राहुल की विदेश यात्रा को लेकर काफी विवाद भी हुआ था। भाजपा की तरफ से कांग्रेस पर निशाना साधा गया था।

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की आज वतन वापसी हो रही है। 17 दिन विदेश में बिताने के बाद आज राहुल स्वदेश वापस लौट रहे हैं। राहुल आज शाम इटली से सीधे दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचेंगे। जिसके बाद वो तमिलनाडु का भी दौरा कर सकते हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार राहुल गांधी तमिलनाडु जाएंगे और वहां होने वाले जल्लिकट्टू कार्यक्रम में शामिल होंगे। देश में जारी किसान आंदोलन के बीच राहुल की विदेश यात्रा को लेकर काफी विवाद भी हुआ था। भाजपा की तरफ से कांग्रेस पर निशाना साधा गया था। 

इसे भी पढ़ें: राहुल गांधी का सरकार पर हमला, कहा- बातों में उलझाने की कोशिश बेकार, किसान सरकार के इरादे समझता है

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट करते हुए कहा था कि कांग्रेस इधर अपना 136 वां स्थापना दिवस मना रही है और राहुल जी ‘9 2 11’ हो गये!!

भाजपा के तीखे तेवर के जवाब में कांग्रेस ने राहुल की विदेश यात्रा को लेकर सफाई भी दी थी। कांग्रेस के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बीजेपी द्वारा निम्न स्तर की राजनीति करने के आरोप लगाते हुए कहा कि राहुल गांधी अपनी नानी से मिलने गए हुए, क्या यह गलत है? गौरततलब है कि राहु गांधी पिछले वर्ष के अंत में 27 दिसंबर को निजी विदेश यात्रा पर गए थे।

विदेश से वापसी के बाद तमिलनाडु का दौरा

अध्यक्ष राहुल गांधी 14 जनवरी को ‘पोंगल’ के दिन तमिलनाडु का दौरा करेंगे जहां वह ‘जल्लीकट्टू’ से जुड़े कार्यक्रम में शामिल होंगे। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केएस अलागिरी ने यह जानकारी दी। ‘जल्लीकट्टू’ तमिलनाडु के ग्रामीण इलाक़ों का एक परंपरागत खेल है जो पोंगल त्यौहार पर आयोजित किया जाता है। इसमें लोग बैलों को पकड़ने एवं उन्हें काबू करने की कोशिश करते हैं। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने संवाददाताओं को बताया कि राहुल गांधी मदुरै जिले के अवनीपुरम में जल्लीकट्टू कार्यक्रम के साक्षी बनेंगे और कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन कर रहे किसानों को अपना नैतिक समर्थन देंगे। 

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़