देश के अलग-अलग हिस्सों में जारी रह सकती है बारिश, मौसम विभाग ने चेताया

Rain
अंकित सिंह । Jul 31 2021 4:14PM

बिहार में लगातार हो रही बारिश से कई हिस्सों में बाढ़ का खतरा बन गया है। मौसम विभाग के अनुसार बिहार में फिलहाल बारिश जारी रह सकती है। नदियों में भी पानी का बहाव तेज हो गया है।

देश के अलग-अलग हिस्सों में मध्यम से तेज बारिश के आसार हैं। ऐसे हिस्से भी है जहां लगातार बारिश हो रही है। बंगाल की खाड़ी में पिछले 2 दिनों से दबाव बना हुआ है जिसका नतीजा यह है कि बंगाल, झारखंड, बिहार, उड़ीसा और पूर्वी उत्तर प्रदेश में लगातार मध्यम से तेज गति की बारिश हो रही है। बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश तथा उड़ीसा में बारिश के कारण कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति है। मौसम विभाग की माने तो इन हिस्सों में बारिश के आसार लगातार जारी है। बिहार में लगातार हो रही बारिश से कई हिस्सों में बाढ़ का खतरा बन गया है। मौसम विभाग के अनुसार बिहार में फिलहाल बारिश जारी रह सकती है। नदियों में भी पानी का बहाव तेज हो गया है।

इसे भी पढ़ें: उद्धव ठाकरे और देवेंद्र फडणवीस ने बाढ़ प्रभावित इलाके में की मुलाकात, लोगों का जाना हाल-चाल

झारखंड में भी लगातार रिमझिम बारिश हो रही है। अगस्त तक बारिश होने का अनुमान जताया गया। वहीं, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में बारिश संबंधी घटनाओं की वजह से 9 लोगों की मौत हो गई है और सामान्य जनजीवन भी प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हुई और छिटपुट स्थानों पर गरज के साथ छींटे पड़े। इसमें कहा गया है कि चित्रकूट, इटावा, एटा, औरैया, फिरोजाबाद, सोनभद्र, आगरा और ललितपुर जिलों में बारिश दर्ज की गई। विभाग ने बताया कि राज्य में अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस लखीमपुर खीरी में और न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस अलीगढ़ में दर्ज किया गया। राजस्थान में मौसम विभाग की ओर से रेड अलर्ट जारी किया गया है जबकि मध्यप्रदेश में भी बारिश लगातार हो रही है। 

इसे भी पढ़ें: मानसून में पिएँ यह 5 हेल्दी ड्रिंक्स, बीमारियाँ रहेंगी आपसे कोसों दूर

राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को तापमान में वृद्धि हुई और न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक सुबह में हवा में नमी का स्तर बहुत अधिक 93 प्रतिशत रहा। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था जो सामान्य से तीन डिग्री कम था जबकि अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो मौसम के औसत से दो डिग्री नीचे था। मौसम विभाग ने बताया कि शनिवार को न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विभाग के मुताबिक सुबह साढ़े आठ बजे तक शहर में औसतम 43.6 मिलीमीटर बारिश हुई। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक शाम तक मध्यम बारिश हो सकती है। साथ ही अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहने का अनुमान भी व्यक्त किया है। आईएमडी ने शुक्रवार को ऑरेंज अलर्ट जारी कर शनिवार को मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया था। साथ ही राष्ट्रीय राजधानी के निचले इलाकों में जलभराव की आशंका जताते हुए कई स्थानों पर भारी यातायात जाम की चेतावनी दी थी।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़