Rajasthan Election Results: Ashok Gehlot और Vasundhara Raje ने बनाई बढ़त, जानें अन्य प्रमुख सीटों का हाल

vasundhara
प्रतिरूप फोटो
ANI Image
रितिका कमठान । Dec 3 2023 11:59AM

निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के अनुसार, भाजपा नेता राजे झालरापाटन सीट पर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी से 19,349 मतों से आगे हैं। वहीं विद्याधर नगर सीट पर भाजपा उम्मीदवार दीया कुमारी अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी से 9,230 मतों के अंतर से बढ़त बनाए हुए हैं।

राजस्थान में हुए 199 सीटों पर विधानसभा चुनावों के परिणाम सामने आने लगे है। राज्य में मतगणना जारी है, जिसके बीच जानकारी मिली है कि राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत एवं पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे अपनी सीटों पर आगे चल रहे है। रविवार को राज्य में विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना जारी है, जिसके शुरूआती रूझानों में सामने आया है कि अशोक गहलोत और वसुंधरा राजे अपनी सीटों पर अपने प्रतिद्वंद्वियों से आगे चल रहे हैं।

निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के अनुसार, भाजपा नेता राजे झालरापाटन सीट पर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी से 19,349 मतों से आगे हैं। वहीं विद्याधर नगर सीट पर भाजपा उम्मीदवार दीया कुमारी अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी से 9,230 मतों के अंतर से बढ़त बनाए हुए हैं। आयोग की वेबसाइट के अनुसार, झोटवाड़ा सीट पर भाजपा नेता राज्यवर्धन सिंह राठौड़ कांग्रेस उम्मीदवार अभिषेक चौधरी से 8,775 मतों से पीछे हैं। राज्य की वीआईपी सीट आमेर से भाजपा नेता सतीश पूनियां कांग्रेस नेता प्रशांत शर्मा से 2,986 मतों से पीछे हैं जो बड़ा उलटफेर हो सकता है। वहीं तिजारा सीट पर भाजपा नेता बाबा बालक नाथ अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी से 13,682 मतों से आगे हैं। 

तारानगर सीट पर भाजपा नेता राजेंद्र राठौड़ कांग्रेस नेता नरेन्द्र बुडानियां से 4,670 मत से पीछे हैं। आयोग के अनुसार, कांग्रेस के प्रमुख नेताओं में सरदारपुरा सीट पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी से 9,784 मतों से आगे हैं। मंत्री बृजेन्द्र ओला, टीकाराम जूली एवं उदयलाल आंजना भी अपनी-अपनी सीट पर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वियों से आगे हैं। टोंक सीट से कांग्रेस उम्मीदवार एवं पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी से 3,607 मतों से आगे हैं। आयोग की वेबसाइट के मुताबिक, भाजपा 199 में से 115 सीट पर आगे है। भाजपा को यहां 42 सीटों की बढ़त मिलती दिख रही है। वहीं राज्य में कांग्रे 67 सीटों पर सिमटती दिख रही है। कांग्रेस पार्टी को राज्य में 32 सीटों का नुकसान होता दिखा है।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़