Rajasthan Panchayat Election: 27 जिलों की 3716 ग्राम पंचायतों में तीसरे चरण का मतदान शुरू

Rajasthan Panchayat
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

राजस्थान में पंचायती राज संस्थाओं के तीसरे चरण के तहत बृहस्पतिवार सुबह सात बजे से वोट डाले जा रहे हैं। इस चरण में 3,716 सरपंच और 34,218 वार्ड पंच पदों के लिए 1.06 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। मतदान समाप्त होते ही शाम को मतगणना कर नतीजे घोषित किए जाएंगे।

जयपुर, पांच नवंबर राजस्थान में पंचायत राज संस्थाओं में चुनाव के तीसरे चरण में 27 जिलों में पंच और सरपंच पद के लिए बृहस्पतिवार को मतदान हो रहा है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 27 जिलों की 3,716 ग्राम पंचायतों में मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम छह बजे तक चलेगा।

इस चरण में 3,716 सरपंच पदों और 34,218 वार्ड पंच पदों के लिए मतदान हो रहा है। इसके तहत 11,869 मतदान केंद्रों पर 1.06 करोड़ से अधिक मतदाता वोट डाल सकेंगे। आज ही मतदान खत्म होने के तुरंत बाद वोटों की गिनती होगी और नतीजे आएंगे।

राज्य में चुनाव प्रक्रिया चार चरणों में पूरी की जा रही है। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए पहले तीन चरणों का मतदान क्रमशः 22 अक्टूबर, 28 अक्टूबर और तीन नवंबर को हुआ था। पंच और सरपंच पदों के लिए पहले दो चरणों के चुनाव 24 अक्टूबर और 30 अक्टूबर को हुए थे जबकि उप-सरपंच पदों के चुनाव 25 अक्टूबर और 31 अक्टूबर को हुए थे।

उप-सरपंच पदों के लिए तीसरे चरण का चुनाव छह नवंबर को होगा। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए चौथा और अंतिम चरण का मतदान 14 नवंबर को होगा। इसके बाद 16 नवंबर को पंच और सरपंच के लिए मतदान होगा तथा 17 नवंबर को उप-सरपंच चुने जाएंगे।

सभी चार चरणों के लिए जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के मतदान की गिनती 20 नवंबर को होगी। जिला प्रमुख और उप-जिला प्रमुख के चुनाव 25 और 26 नवंबर को होंगे, जबकि पंचायत समिति प्रधान और उप-प्रधान के चुनाव क्रमशः 27 और 28 नवंबर को होंगे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़