राजस्थान में ऑनलाइन ठगी रोकने के लिए पुलिस चलाएगी साइबर सुरक्षा अभियान

राजस्थान में ऑनलाइन ठगी रोकने के लिए पुलिस चलाएगी साइबर सुरक्षा अभियान
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

राजस्थान पुलिस ने साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी से लोगों को बचाने के लिए सितंबर को विशेष जागरूकता माह घोषित किया है। इस दौरान वरिष्ठ नागरिकों, पेंशनभोगियों और विद्यार्थियों को डिजिटल अरेस्ट व फर्जी निवेश योजनाओं से सतर्क करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

जयपुर, एक सितंबर राजस्थान पुलिस सितंबर माह को ‘साइबर सुरक्षित राजस्थान’ जनजागरूकता माह के रूप में मनाएगी और इस दौरान प्रदेशभर में अभियान चलाकर लोगों को ऑनलाइन ठगी व साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया जाएगा। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देश पर आयोजित होने वाले इस अभियान में साइबर ठगी से बचाव के उपायों और सुरक्षित ऑनलाइन व्यवहार पर विशेष जोर दिया जाएगा।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (साइबर अपराध) वी. के. सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक-1 (आर4सी) को अभियान का राज्य नोडल अधिकारी बनाया गया है जबकि प्रत्येक जिले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारी को नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है। अभियान के दौरान वरिष्ठ नागरिकों और पेंशनभोगियों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। थानों में तैनात साइबर अपराध अधिकारी पेंशन विभाग के साथ समन्वय कर पेंशनभोगियों और वरिष्ठ नागरिकों को ‘डिजिटल अरेस्ट’ ठगी, फर्जी निवेश योजनाओं तथा साइबर अपराध के अन्य तरीकों के बारे में जागरूक करेंगे।

जिला कलेक्टर और शिक्षा अधिकारियों के समन्वय से विद्यालयों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अधिकारियों ने बताया कि साइबर सुरक्षा का संदेश देने के लिए चयनित स्थानों पर विद्यार्थी मानव शृंखला भी बनाएंगे। सिंह ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों, बाजारों, बस अड्डों, रेलवे एवं मेट्रो स्टेशनों, धार्मिक स्थलों तथा पर्यटन स्थलों पर नुक्कड़ नाटक, पोस्टर, ऑडियो-वीडियो संदेश और साइबर जागरूकता स्टॉल लगाए जाएंगे।

राजस्थान सशस्त्र कांस्टेबुलरी की इकाइयों और जिला खेल अधिकारियों के समन्वय से दौड़ एवं साइकिल रैलियां भी आयोजित की जाएंगी। पुलिस के अनुसार, अभियान का दायरा ग्रामीण क्षेत्रों तक भी बढ़ाया जाएगा और डाक विभाग व पंचायती राज संस्थाओं के सहयोग से ग्राम पंचायत स्तर तक साइबर जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

All the updates here:

अन्य न्यूज़