Ram Mandir Donation Theft Case: राम मंदिर दान में गबन की जांच पूरी, सोमवार को अंतरिम रिपोर्ट सौंपेगी SIT

Lawyers Outside India's Supreme Court
प्रतिरूप फोटो
AI Generated

अयोध्या राम मंदिर दान गबन मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) सोमवार को उच्चतम न्यायालय को अंतरिम रिपोर्ट सौंप सकती है। जांच को अंतिम रूप देने के लिए एसआईटी उत्तर प्रदेश सरकार से अतिरिक्त समय भी मांग सकती है। इस मामले में अब तक प्राथमिकी दर्ज होने के साथ आठ आरोपियों की गिरफ्तारी और कुछ इस्तीफे हो चुके हैं। अंतिम रिपोर्ट में मंदिर प्रशासन व दान-गणना प्रणाली में सुधार की सिफारिशें होने की उम्मीद है। वहीं, सुप्रीम कोर्ट मामले की अदालती निगरानी में सीबीआई जांच और फॉरेंसिक ऑडिट की याचिकाओं पर सुनवाई कर रहा है।

अयोध्या में राम मंदिर में दान के कथित गबन की जांच कर रही विशेष जांच टीम (एसआईटी) उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में सोमवार को सीधे शीर्ष अदालत को अंतरिम रिपोर्ट सौंप सकती है। सूत्रों ने शुक्रवार को यह बात कही। सूत्रों ने यह भी कहा कि एसआईटी श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को प्राप्त दान से संबंधित कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच को अंतिम रूप देने के लिए राज्य सरकार से अतरिक्त समय मांग सकती है। यह घटनाक्रम कथित दान गबन की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच का अनुरोध करने वाली याचिकाओं पर उच्चतम न्यायालय द्वारा सुनवाई किए जाने के कुछ दिन बाद हुआ है, जिसमें एसआईटी को जांच के संबंध में स्थिति रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया था।

तीन सदस्यीय एसआईटी में लखनऊ मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत, पुलिस महानिरीक्षक किरण एस और विशेष सचिव (वित्त) नील रतन शामिल हैं। इसका गठन 13 जून को श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अनुरोध पर उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा किया गया था। शुरुआत में इसे जांच पूरी करने के लिए 15 दिन का समय दिया गया था और बाद में 15 दिन का समय और दे दिया गया था।

इसे भी पढ़ें: Monsoon Session में मोदी सरकार को घेरेगी कांग्रेस, Ram Mandir-Paper Leak पर उठाएगी सवाल

एसआईटी द्वारा 23 जून को राज्य सरकार को सौंपी गई नौ पन्नों की प्रारंभिक रिपोर्ट के बाद प्राथमिकी दर्ज करने, आठ आरोपियों की गिरफ्तारी, मंदिर के दान से कथित तौर पर निकाली गई नकदी की बरामदगी और पूर्व ट्रस्ट महासचिव चंपत राय तथा पूर्व ट्रस्टी अनिल मिश्रा के इस्तीफे जैसे घटनाक्रम हुए।

अंतिम रिपोर्ट में मंदिर के प्रशासन और दान-गणना प्रणाली में सुधारों की सिफारिश किए जाने की उम्मीद है, जिसके निष्कर्षों और संभावित सुधारात्मक उपायों पर चर्चा के लिए ट्रस्ट 22 जुलाई को अयोध्या में बैठक करेगा।

इसे भी पढ़ें: Ram Mandir Donation Scam: SIT जांच में बड़ा खुलासा, Stock Market में लगा चंदे का पैसा और मिलीं दो लग्जरी SUV

उच्चतम न्यायालय उन याचिकाओं पर सुनवाई कर रहा है, जिनमें अदालत की निगरानी में सीबीआई जांच, फॉरेंसिक ऑडिट और ट्रस्ट के वित्तीय मामलों का नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) से ऑडिट कराने की मांग की गई है। याचिकाकर्ताओं ने प्राथमिकी दर्ज करने से पहले एसआईटी द्वारा जांच शुरू किए जाने के तरीके पर भी सवाल उठाया है और कथित गबन की समयबद्ध जांच की मांग की है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़