Ranchi में JPSC-JSSC अभ्यर्थियों ने आंदोलन के 22वें दिन निकाली तिरंगा यात्रा

Ranchi Candidates
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध और सुधार की मांग के तहत 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अभ्यर्थियों ने जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से अल्बर्ट एक्का चौक तक मार्च निकाला। प्रदर्शनकारियों ने परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता, विवादित परीक्षाओं को रद्द करने और मामले की स्वतंत्र जांच की मांग की। इस दौरान भूख हड़ताल पर बैठे नेता देवेंद्र महतो ने पुलिस पर उन्हें अस्पताल से बाहर न जाने देने का आरोप लगाया।

झारखंड की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों ने भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को यहां ‘तिरंगा यात्रा’ निकाली। राज्य की भर्ती परीक्षा प्रक्रिया में सुधार की मांग को लेकर जारी आंदोलन के 22वें दिन विरोध स्थल जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से अल्बर्ट एक्का चौक तक ‘तिरंगा यात्रा’ निकाली। हाथों में तिरंगा थामे और ‘भारत माता की जय’ तथा ‘वंदे मातरम्’ जैसे देशभक्ति के नारे लगाते हुए हजारों अभ्यर्थी व अन्य लोग इस यात्रा में शामिल हुए।

झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के नेता देवेंद्र महतो ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उन्हें मार्च में शामिल होने के लिए सदर अस्पताल से बाहर नहीं जाने दिया। महतो 14 दिन से भूख हड़ताल पर हैं। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी)-झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) रिफॉर्म मंच के बैनर तले प्रदर्शनकारी भर्ती परीक्षाओं में अधिक पारदर्शिता, कई परीक्षाओं को रद्द करने और कथित अनियमितताओं की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) या झारखंड से बाहर के सेवानिवृत्त न्यायाधीशों की एक समिति से स्वतंत्र जांच कराने की मांग कर रहे हैं।

इसे भी पढ़ें: झारखंड में JPSC-JSSC Scam पर युवाओं का गुस्सा, 21 दिन से Protest जारी, Independence Day पर Tiranga Yatra

जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म मंच ने कहा, ‘‘स्वतंत्रता का अर्थ केवल अंग्रेजों से आजादी नहीं है, बल्कि अवसरों की असमानता, भ्रष्टाचार और अन्याय से भी आजादी है। देश के युवाओं को पढ़ना चाहिए, कड़ी मेहनत करनी चाहिए और अपने अधिकारों के लिए आवाज उठानी चाहिए - यही लोकतंत्र की असली ताकत है।’’ मंच ने कहा, ‘‘उन सभी युवाओं को इस स्वतंत्रता दिवस पर सलाम जो अपने भविष्य के लिए शांतिपूर्ण ढंग से संघर्ष कर रहे हैं। युवाओं की आवाज भारत का भविष्य है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़