संसद में Lok Sabha और विधानसभा सीटों की संख्या 50% बढ़ाने की तैयारी, 2051 तक नहीं बदलेगी सीमा

संसद में Lok Sabha और विधानसभा सीटों की संख्या 50% बढ़ाने की तैयारी, 2051 तक नहीं बदलेगी सीमा
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

केंद्र सरकार ने संसद और राज्य विधानसभाओं में महिला आरक्षण लागू करने के लिए सीटों की संख्या 50 प्रतिशत तक बढ़ाने का प्रस्ताव तैयार किया है। इसके तहत लोकसभा में अधिकतम सदस्य संख्या 850 और विधानसभाओं में 650 तय करने के लिए विशेष सत्र में तीन विधेयक पेश किए जाएंगे। नए परिसीमन के बाद निर्वाचन क्षेत्रों का यह ढांचा वर्ष 2051 तक अपरिवर्तित रहेगा।

केंद्र सरकार ने लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत वृद्धि का प्रस्ताव किया है। इसके तहत लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या बढ़ाकर 850 और राज्य विधानसभाओं की अधिकतम सदस्य संख्या 650 करने का प्रावधान किया गया है। साथ ही, नए परिसीमन के बाद निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं और सीटों के आवंटन को वर्ष 2051 तक यथावत रखने का प्रस्ताव है।

सरकार 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले महिला आरक्षण लागू करने के उद्देश्य से सोमवार से आरंभ हो रही संसद की विशेष बैठक में तीन विधेयक पेश करेगी। इनमें दो संविधान संशोधन विधेयक होंगे, जबकि तीसरा केंद्र शासित प्रदेशों से संबंधित होगा। सरकार का मानना है कि प्रस्तावित विधेयकों में किए गए बदलावों से उन विपक्षी दलों का समर्थन भी मिल सकता है, जिन्होंने इस साल अप्रैल में लाए गए पिछले विधेयक का विरोध किया था।

आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि सरकार को तीनों विधेयकों के संसद से पारित होने का पूरा भरोसा है। सरकार से जुड़े एक सूत्र ने कहा, हमें पूरा विश्वास है कि इस बार तीनों विधेयक पारित हो जाएंगे। हमने कई राजनीतिक दलों और उनके नेताओं से विचार-विमर्श किया है और उनका पूरा आश्वासन मिलने के बाद ही विशेष बैठक बुलाने का फैसला किया है।

प्रस्तावित व्यवस्था के तहत लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 होगी, जिसमें राज्यों से अधिकतम 815 और केंद्र शासित प्रदेशों से 35 सदस्य होंगे। इसके अलावा, कुछ केंद्र शासित प्रदेशों को छोड़कर प्रत्येक राज्य में लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों की संख्या में 50 प्रतिशत की वृद्धि की जाएगी। राज्य विधानसभाओं की सीटों की संख्या भी इसी अनुपात में बढ़ाने का प्रस्ताव है।

सूत्रों के अनुसार, लोकसभा और विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं का पुनर्निर्धारण 2011 की जनगणना के आधार पर किया जाएगा, जबकि राज्यों के बीच निर्वाचन क्षेत्रों के अनुपात का निर्धारण 1971 की जनगणना के आधार पर होगा। इस व्यवस्था का उद्देश्य दक्षिणी राज्यों की उन आशंकाओं को दूर करना है कि जनसंख्या नियंत्रण में बेहतर प्रदर्शन करने के कारण परिसीमन के बाद संसद में उनका प्रतिनिधित्व घट सकता है। तमिलनाडु की मुख्य विपक्षी पार्टी द्रमुक ने स्पष्ट किया है कि लोकसभा में राज्य की मौजूदा 7.18 प्रतिशत हिस्सेदारी किसी भी परिस्थिति में कम नहीं होनी चाहिए।

सूत्रों ने कहा कि द्रमुक की इस मांग का ध्यान रखा जाएगा। सूत्रों के मुताबिक, नए परिसीमन के बाद लोकसभा और विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं तथा सीटों का आवंटन 25 साल तक यानी 2051 तक स्थिर रखा जाएगा और इस अवधि में इनमें कोई बदलाव नहीं होगा। महिलाओं के लिए सीटों का आरक्षण शुरुआत में 15 साल के लिए होगा।

इसके बाद संसद कानून बनाकर इसकी अवधि बढ़ा सकेगी। महिलाओं के लिए आरक्षित सीटों का रोटेशन प्रत्येक कार्यकाल के बाद किया जाएगा। आरक्षण की अवधि बढ़ाने का फैसला उस समय की सरकार करेगी।

सरकार संविधान के दो संशोधन विधेयक लाएगी। इनमें संविधान (131वां संशोधन) विधेयक, 2026 के तहत परिसीमन आयोग के गठन और संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 के तहत निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं के पुनर्निर्धारण से संबंधित प्रावधान होंगे। इसके अलावा, केंद्र शासित प्रदेशों के कानूनों में आवश्यक बदलाव के लिए अलग विधेयक पेश किया जाएगा।

सूत्रों ने बताया कि नया संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 अप्रैल में लोकसभा में पारित नहीं हो पाने वाले विधेयक से काफी अलग होगा। इसमें संविधान के कम से कम आठ अनुच्छेदों में व्यापक संशोधन किए जाने का प्रस्ताव है। संविधान के अनुच्छेद 170 के तहत किसी राज्य की विधानसभा में अधिकतम 500 सदस्य हो सकते हैं।

सरकार इस सीमा को बढ़ाकर 650 करने का प्रस्ताव कर रही है। इसका उद्देश्य उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्यों में सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत वृद्धि के बावजूद राज्य के विभाजन की किसी भी आशंका को दूर करना है। उत्तर प्रदेश विधानसभा में फिलहाल 403 सीटें हैं।

प्रस्तावित वृद्धि के बाद इनकी संख्या 600 से अधिक हो सकती है। सूत्रों ने कहा कि सरकार किसी भी परिस्थिति में उत्तर प्रदेश का विभाजन नहीं चाहती और इसके लिए संविधान में विशेष प्रावधान किया जाएगा। हालांकि, लक्षद्वीप तथा अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह जैसे छोटे केंद्र शासित प्रदेशों में सीटों की संख्या 50 प्रतिशत बढ़ाने का फार्मूला लागू नहीं होगा।

वहीं, नगालैंड और मिजोरम जैसे राज्यों में जहां लोकसभा की एक-एक सीट है, वहां सीटों की संख्या बढ़ाकर दो किए जाने की संभावना है। इस संबंध में अंतिम निर्णय राजनीतिक और व्यावहारिक परिस्थितियों को ध्यान में रखकर लिया जाएगा। इसी कारण विधेयक में लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 निर्धारित करने का प्रस्ताव है।

सरकार नए विधेयकों को पेश करने से पहले लोकसभा में लंबित परिसीमन विधेयक, 2026 और केंद्र शासित प्रदेश कानून (संशोधन) विधेयक, 2026 को वापस लेगी। इसके बाद नए विधेयक पेश कर उन पर चर्चा और मतदान कराया जाएगा। कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने परिसीमन विधेयक, 2026 को वापस लेने के कारणों संबंधी बयान में कहा है कि नए परिसीमन विधेयक में महिलाओं के आरक्षण को तत्काल प्रभाव से लागू करने के लिए सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत वृद्धि का प्रावधान किया गया है।

इसके तहत महिलाओं के लिए आरक्षित सीटों का आवंटन परिसीमन आयोग द्वारा तय किए गए तरीके से रोटेशन के आधार पर होगा। प्रस्तावित संशोधनों का उद्देश्य 2023 में पारित महिला आरक्षण कानून के लागू होने की प्रक्रिया में बदलाव करना भी है। मौजूदा कानून के तहत महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण को अगली जनगणना के आंकड़े प्रकाशित होने और उसके बाद परिसीमन की प्रक्रिया पूरी होने से जोड़ा गया है।

सरकार अब नए विधेयकों के जरिए नवीनतम प्रकाशित जनगणना के आंकड़ों के आधार पर परिसीमन कराकर आरक्षण को जल्द लागू करना चाहती है। संविधान (131वां संशोधन) विधेयक, 2026 को 16 और 17 अप्रैल को लोकसभा में विचार एवं पारित करने के लिए पेश किया गया था, लेकिन 17 अप्रैल को इसे संविधान के अनुच्छेद 368 के तहत आवश्यक दो तिहाई बहुमत नहीं मिल सका था। इसके बाद इससे संबंधित परिसीमन विधेयक और केंद्र शासित प्रदेश कानून (संशोधन) विधेयक पर आगे कार्यवाही नहीं हुई।

सरकार का कहना है कि पिछली चर्चा के दौरान विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधित्व पर परिसीमन के संभावित प्रभाव को लेकर चिंताएं जताई गई थीं। खासकर जनसंख्या वृद्धि की अलग-अलग दरों के कारण राज्यों के बीच प्रतिनिधित्व में असंतुलन की आशंका सामने आई थी। नए प्रस्तावों में इन चिंताओं का समाधान करने और संसद में राज्यों के प्रतिनिधित्व की संतुलित प्रकृति बनाए रखने का प्रयास किया गया है।

सूत्रों के अनुसार, संसद में विधेयकों पर चर्चा के लिए करीब 10 से 12 घंटे और मतदान के लिए लगभग पांच घंटे निर्धारित किए जाने की संभावना है। संविधान संशोधन विधेयकों के लिए कम से कम 50 प्रतिशत राज्य विधानसभाओं की मंजूरी अनिवार्य नहीं है, लेकिन सरकार संसदीय परंपरा के तहत राज्यों से इनका अनुमोदन कराने पर भी विचार कर रही है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़