Ranchi में बच्ची से दुष्कर्म के बाद रिश्तेदार फरार, POCSO Act के तहत केस दर्ज

झारखंड के रांची जिले में तमाड़ थाना क्षेत्र के तहत नौ साल की एक बच्ची के साथ उसके रिश्तेदार ने कथित तौर पर दुष्कर्म किया। पुलिस ने पीड़िता की मां की शिकायत पर बीएनएस और पॉक्सो अधिनियम में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
झारखंड के रांची जिले में एक रिश्तेदार द्वारा नौ वर्षीय लड़की से कथित तौर पर दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। तमाड़ के थाना प्रभारी दुलाल महतो ने पीटीआई-भाषा को बताया कि आरोपी का लड़की के घर अक्सर आना-जाना था।
उसने सोमवार को कथित तौर पर चावल लाने के बहाने लड़की के पिता से दोपहिया वाहन लिया और लड़की को भी अपने साथ ले गया। इसके बाद उसने एक सुनसान स्थान पर लड़की से दुष्कर्म किया और फिर उसे वापस घर छोड़ दिया। इस घटना का खुलासा तब हुआ जब लड़की की मां ने उसके कपड़ों पर धूल लगी देखी और उससे पूछताछ की, जिसके बाद बच्ची ने पूरी आपबीती सुनाई।
थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता की मां की शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और पॉक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। अधिकारी ने बताया कि आरोपी फिलहाल फरार है और पुलिस उसे गिरफ्तार करने के लिए कई स्थानों पर छापेमारी कर रही है। उन्होंने कहा कि लड़की की चिकित्सीय जांच कराई गई है।
अन्य न्यूज़














