सुरजेवाला ने हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति पर पत्नी को नियम ताक पर रखकर नियुक्त करने का लगाया आरोप

Prabhasakshi Image

कांग्रेस सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति बलदेव राज कंबोज पर भाई-भतीजावाद का आरोप लगाया है। सुरजेवाला का दावा है कि कुलपति ने नियमों को दरकिनार कर अपनी पत्नी को कैंपस स्कूल का निदेशक नियुक्त किया। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से इस मामले में कार्रवाई करने की मांग की है।

चंडीगढ़, 28 जुलाई कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य रणदीप सिंह सुरजेवाला ने एक खबर का हवाला देते हुए मंगलवार को दावा किया कि हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (एचएयू) के कुलपति बलदेव राज कंबोज ने नियमों को दरकिनार कर अपनी पत्नी को ‘कैम्पस स्कूल’ का निदेशक नियुक्त किया और उन्हें अनुचित वित्तीय लाभ पहुंचाया। वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि एक तरफ जहां योग्य युवा भर्ती का इंतजार कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ सत्ता में पदों पर बैठे लोग सरकारी संस्थानों को ‘‘पारिवारिक जागीर’’ में बदल रहे हैं। सुरजेवाला ने अपनी पोस्ट में खबर की कतरन साझा करते हुए कहा, ‘‘एचएयू के कुलपति ने सभी नियमों को दरकिनार कर अपनी ही पत्नी को ‘कैम्पस स्कूल’ का निदेशक नियुक्त किया और उन्हें अनुचित वित्तीय लाभ पहुंचाया।’’ उन्होंने दावा किया कि कंबोज ने आवेदन आमंत्रित किए बिना या कोई सार्वजनिक विज्ञापन जारी किए बिना यह नियुक्ति की।

उन्होंने आरोप लगाया कि इस नियुक्ति के लिए जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) के एक रिक्त पद का पदनाम बदला गया और सेवानिवृत्ति की आयु 58 से बढ़ाकर 60 वर्ष करने के लिए सेवा नियमों में ढील दी गई। सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि इस नियुक्ति का विरोध कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया और उनके खिलाफ कार्रवाई की गई। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी कुलपति कंबोज के खिलाफ कार्रवाई करेंगे या वह इस मामले को दबा देंगे।

All the updates here:

अन्य न्यूज़