Remo Fernandes ने London में दिया अंतिम शो, स्वास्थ्य कारणों से Live Concerts को कहा अलविदा

Music
प्रतिरूप फोटो
AI Image

मशहूर संगीतकार और गायक रेमो फर्नांडिस ने ब्रिटेन के हॉन्स्लो में आयोजित एक संगीत कार्यक्रम के दौरान मंच पर अपने लाइव प्रदर्शन के सफर को विराम देने का ऐलान किया। उन्होंने बताया कि कोविड टीके की तीसरी खुराक के बाद आए हल्के मस्तिष्क आघात और वर्टिगो की वजह से उनकी सेहत प्रभावित हुई है, जिससे वह अब गिटार व बांसुरी आसानी से नहीं बजा पाते। डॉक्टरों की सलाह पर उन्होंने बैठकर अपना एक घंटे का अंतिम शो प्रस्तुत किया और कॉन्सर्ट से संन्यास लिया।

नयी दिल्ली, पांच अगस्त ‘हम्मा हम्मा’ गाने से मशहूर हुए गायक और संगीतकार रेमो फर्नांडिस ने लंदन में एक संगीत कार्यक्रम के दौरान यह घोषणा की कि यह उनका आखिरी लाइव प्रदर्शन होगा। उन्होंने बताया कि हल्के स्ट्रोक (मस्तिष्क आघात) और वर्टिगो के कारण उनकी सेहत पर असर पड़ा है तथा वह अब पहले की तरह गिटार और बांसुरी नहीं बजा पाते हैं। विश्व संगीत में अपनी एक विशिष्ट शैली प्रदान करने वाले मशहूर फर्नांडिस ने इस सप्ताह की शुरुआत में एक घंटे लंबे संगीत कार्यक्रम से पहले दिए अपने भावुक भाषण में बताया कि उन्हें अब कुर्सी पर बैठकर प्रस्तुति क्यों देनी पड़ रही है।

हॉन्सलो स्थित क्रैनफोर्ड कम्युनिटी कॉलेज में मौजूद भीड़ को संबोधित करते हुए फर्नांडिस ने कहा, ‘‘अब बैठकर प्रस्तुति देना मेरे वश की बात नहीं है। इसलिए मैंने लाइव प्रस्तुति को रोकने और इसे यहीं खत्म करने का फैसला किया है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘कुछ साल पहले, कोविड रोधी टीके की तीसरी खुराक लेने के बाद, मुझे हल्का स्ट्रोक आया था। उस स्ट्रोक के कारण मेरी उंगलियों के इस्तेमाल में कुछ समस्याएं आईं।

इससे मेरे लिए गिटार और बांसुरी बजाना थोड़ा मुश्किल हो गया, और यह वैसा नहीं रहा जैसा पहले हुआ करता था। और फिर पिछले साल, मुझे वर्टिगो (चक्कर आने की बीमारी) की शिकायत हो गई। मैं बुरी तरह गिर गया था, जिसके चलते मुझे अपनी खोपड़ी का ऑपरेशन कराना पड़ा।’’ फर्नांडिस ने बताया कि उनके डॉक्टर ने उनसे कहा है कि वह खड़े होकर प्रस्तुति नहीं दे सकते, जिसके बाद उन्होंने ‘लाइव परफॉर्मर’ के तौर पर अपने सफर को खत्म करने का फैसला किया।

फर्नांडिस को गोवा, पुर्तगाली, रॉक, पॉप, लैटिन, रेगे और वर्ल्ड म्यूजिक के मिश्रण से एक अनूठी संगीत शैली तैयार करने के लिए जाना जाता है। 8 मई 1953 को गोवा में जन्मे फर्नांडिस ने संगीत को पूर्णकालिक करियर के रूप में चुनने से पहले मुंबई के सर जे जे कॉलेज ऑफ आर्किटेक्चर से वास्तुकला की पढ़ाई की थी।

All the updates here:

अन्य न्यूज़