सहारनपुर में जिला पूर्ति अधिकारी को फोन पर गालियां और जान से मारने की धमकी, प्राथमिकी दर्ज

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में जिला पूर्ति अधिकारी को फोन पर गालियां देने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पीड़ित अधिकारी के अनुसार, एक व्यक्ति ने राशन वितरण कोटे का कमीशन न मिलने की शिकायत को लेकर उनके सरकारी नंबर पर फोन कर अभद्रता की। पुलिस इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर आरोपी की तलाश कर रही है।
सहारनपुर (उप्र), 27 जुलाई सहारनपुर जिले में जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) नीरज सिंह को फोन पर कथित तौर पर गालियां और जान से मारने की धमकी देने पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। सदर बाजार के थाना प्रभारी चंद्रसेन सैनी ने बताया कि डीएसओ नीरज सिंह ने तहरीर में आरोप लगाया है कि 25 जुलाई की रात करीब 9:30 बजे सुरेंद्र सिंघल नामक एक व्यक्ति ने उनके सीयूजी नंबर पर फोन किया और कहा कि उसके बेटे को पिछले आठ महीने से राशन वितरण कोटे का कमीशन नहीं मिला है।
तहरीर के अनुसार इस पर नीरज सिंह ने कहा कि रात काफी हो चुकी है और वह कार्यालय में नहीं हैं, इसलिए सोमवार को संबंधित दस्तावेज लेकर वह कार्यालय आएं, कंप्यूटर पर रिकॉर्ड देखकर समस्या का समाधान किया जाएगा। डीएसओ का आरोप है कि यह सुनते ही फोन करने वाला नाराज हो गया और फोन पर ही गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। नीरज सिंह ने कहा कि वह एक लोकसेवक हैं और इस तरह के अभद्र व्यवहार से वह मानसिक रूप से परेशान हैं।
इसे उन्होंने सरकारी कार्य में बाधा डालने का प्रयास बताया। डीएसओ ने पुलिस को कॉल रिकॉर्डिंग की पेन ड्राइव, कॉल डिटेल और स्क्रीनशॉट भी सौंपे हैं। थाना प्रभारी चंद्रसेन सैनी ने कहा कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
उन्होंने कहा कि कॉल के इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर जांच की जा रही है तथा जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अन्य न्यूज़














