साक्षी महाराज का राहुल पर हमला, कहा- मांसाहारी भोजन कर जाते हैं मंदिर

sakshi-maharaj-attacked-rahul-carnivorous-food-goes-to-the-temple
[email protected] । Oct 8 2018 5:34PM

उन्होंने कहा ‘‘हम उनकी यात्रा का विरोध नहीं कर रहे हैं। भाजपा ऐसा क्यों करेगी? लेकिन शास्त्रों में लिखा है कि ऐसी यात्राओं के लिये शुद्धता जरूरी है। उन्हें यात्रा करने से पहले शुद्ध होना चाहिए।

उन्नाव (उत्तर प्रदेश)। भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने इस साल सितंबर की शुरूआत में कथित तौर पर बिना ‘‘शुद्धता’’ के मानसरोवर यात्रा करने को लेकर राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा है कि कांग्रेस अध्यक्ष का मांसाहारी भोजन का सेवन करने के बाद मंदिर जाना गलत है क्योंकि पूजा से पहले शुद्ध होना आवश्यक है। उन्नाव के सांसद साक्षी महाराज ने रविवार को संवाददाताओं से कहा कि भाजपा राहुल की मानसरोवर यात्रा का विरोध नहीं कर रही है लेकिन शास्त्रों में लिखा है कि पूजा से पहले शुद्ध होना आवश्यक है। 

उन्होंने कहा ‘‘हम उनकी यात्रा का विरोध नहीं कर रहे हैं। भाजपा ऐसा क्यों करेगी? लेकिन शास्त्रों में लिखा है कि ऐसी यात्राओं के लिये शुद्धता जरूरी है। उन्हें यात्रा करने से पहले शुद्ध होना चाहिए। बिना शुद्धि के कोई मंदिर में नहीं घुसता। मांसाहारी भोजन का सेवन करने के बाद दर्शन उचित नहीं है।’’ राहुल पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, ‘‘वह कई बार ‘टोपी’ (नमाजी टोपी) पहनते हैं और तब ‘शिव भक्त’.. बन गए।’’

साक्षी महाराज ने राहुल गांधी को चुनौती भी दी कि वे 2019 का लोकसभा चुनाव उनके खिलाफ लड़कर दिखाएं। उन्होंने कहा, ‘‘मैं राहुल गांधी को चुनौती देता हूं कि साल 2019 का आम चुनाव मेरे खिलाफ (उन्नाव से) लड़ें। अगर वह जीत गए तो मैं राजनीति छोड़ दूंगा लेकिन अगर वह हार गए तो उन्हें इटली चले जाना चाहिए।’’ भाजपा सांसद ने कहा कि समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव अगर सैफई में भगवान विष्णु का मंदिर बनवाते हैं तो वह स्वागत करेंगे।

यह पूछे जाने पर कि क्या 2019 के चुनावों में राम मंदिर चुनावी मुद्दा होगा, साक्षी महाराज ने कहा, ‘‘अभी मुद्दा ‘सबका साथ सबका विकास’ है लेकिन ‘युद्ध’ स्थिति पर निर्भर करता है।’’ भाजपा सांसद ने यह भी दावा किया कि विपक्ष को भाजपा से हार का डर है और यही वजह है कि वे चुनाव पूर्व गठबंधन का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘विपक्ष भाजपा से डरा हुआ है और इसी के चलते खौफ में सभी विपक्षी महागठबंधन करने जा रहे हैं, जो कि वास्तव में ठगबंधन है।’’

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़