दिशा सालियान मामले में Sanjay Raut का आरोप, ठाकरे परिवार को फंसाने के लिए दूसरों का इस्तेमाल

शिवसेना यूबीटी सांसद संजय राउत ने मुंबई में दावा किया कि दिशा सालियान मौत मामले में ठाकरे परिवार पर कीचड़ उछालने के लिए कुछ लोगों को कठपुतली बनाया जा रहा है। उन्होंने आदित्य ठाकरे का बचाव करते हुए राणे परिवार पर निशाना साधा और पिछले बीस वर्षों के मामलों की जांच की मांग की।
शिवसेना (उबाठा) नेता संजय राउत ने शनिवार को आरोप लगाया कि दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व प्रबंधक दिशा सालियान की मौत के मामले में ठाकरे परिवार के खिलाफ कीचड़ उछालने के लिए कुछ लोगों का इस्तेमाल ‘‘कठपुतली’’ के रूप में किया जा रहा है। राउत ने नारायण राणे परिवार, खासकर उनके बेटे एवं महाराष्ट्र के मंत्री नीतेश राणे, पर दिशा सालियान मामले में शिवसेना (उबाठा) के नेता आदित्य ठाकरे का नाम ‘‘घसीटने’’ को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पिछले 20 वर्षों में कणकवली में हुई सभी हत्याओं के लिए राणे परिवार को गिरफ्तार किया जाना चाहिए।
राउत ने किसी का नाम लिए बिना एक सवाल के जवाब में कहा, ‘‘आप दूसरों के हाथों की कठपुतली हैं और हमारे ऊपर कीचड़ उछाल रहे हैं।’’ राज्यसभा सदस्य ने आरोप लगाया कि सतीश सालियान को किसी के द्वारा ‘‘नियंत्रित’’ किया जा रहा है। राउत ने दावा किया, ‘‘वह (दिशा के पिता सतीश सालियान) छह साल पहले इस बात से संतुष्ट थे कि यह हत्या नहीं बल्कि एक दुर्घटना थी।’’ उन्होंने कहा कि जब ठाकरे परिवार कुछ अच्छा काम करता है तो ऐसे मुद्दों को जानबूझकर उठाया जाता है और इसके इर्द-गिर्द एक तंत्र खड़ा कर दिया जाता है। राउत ने कहा, ‘‘आप आदित्य का नाम बदनाम कर रहे हैं, जो दिशा को जानते तक नहीं थे।’’ उन्होंने कहा कि उन्हें पता है कि ठाकरे परिवार के खिलाफ चलाए जा रहे दुष्प्रचार अभियान के लिए धन कौन मुहैया करा रहा है, लेकिन उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया।
दिशा सालियान ने बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की प्रबंधक के रूप में काम किया था। उनकी आठ जून 2020 को मुंबई के मलाड इलाके में एक आवासीय इमारत की 12वीं मंजिल से कथित तौर पर गिरने से मौत हो गई थी। इसके लगभग एक सप्ताह बाद 14 जून, 2020 को राजपूत अपने बांद्रा स्थित आवास में मृत पाए गए थे, जिससे दोनों मौतों के बीच संबंध को लेकर अटकलें लगाई जाने लगी थीं।
अन्य न्यूज़













