सुनेत्रा पवार की NCP के 22 विधायक छोड़ सकते हैं पार्टी, Sanjay Raut का दावा

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

शिवसेना (उबाठा) सांसद संजय राउत ने बुधवार को दावा किया कि सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाली राकांपा के 20 से 22 विधायक कभी भी अलग हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि शरद पवार से मिलने वाले विधायक केवल सामान्य बातचीत नहीं कर रहे, बल्कि इसके पीछे बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम छिपा है। राउत के अनुसार ये विधायक मूल पार्टी में लौट सकते हैं या चुनावों से पहले किसी अन्य दल में जा सकते हैं।

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के दोनों गुटों के विलय की नयी चर्चाओं के बीच शिवसेना (उबाठा) के सांसद संजय राउत ने बुधवार को दावा किया कि सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाली राकांपा के 20 से 22 विधायक पाला बदल सकते हैं। राउत ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि राकांपा (शरदचंद्र पवार) के अध्यक्ष शरद पवार से मुलाकात करने वाले राकांपा विधायक केवल सामान्य बातचीत नहीं कर रहे हैं, बल्कि इन मुलाकातों के पीछे कोई बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम छिपा है। उन्होंने दावा किया कि अजित पवार के निधन के बाद राकांपा विधायक ‘‘गुलाम बनकर’’ रह गए हैं।

राउत ने कहा, ‘‘सुनेत्रा पवार की पार्टी के 20 से 22 विधायक कभी भी अलग हो सकते हैं... अगर वे अपने मूल घर (शरद पवार के नेतृत्व वाली राकांपा) में लौटते हैं, तो यह विलय नहीं कहलाएगा। या फिर वे चुनावों से पहले किसी अन्य पार्टी में शामिल हो सकते हैं।’’ महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को कहा था कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से परामर्श किए बिना राकांपा का विलय नहीं हो सकता। इस पर पलटवार करते हुए राउत ने कहा कि यह बात शरद पवार की पार्टी पर लागू नहीं होती।

कोल्हापुर स्थित ‘गोकुल डेरी’ (दूध सहकारी समिति) के चुनावों पर बोलते हुए राउत ने कहा कि वहां हुए घटनाक्रम लोकतंत्र के लिए हानिकारक हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़