Sitapur में घने कोहरे के बीच भीषण Road Accident, दो बहनों और भाई की दर्दनाक मौत

Sitapur Road
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में रविवार सुबह घने कोहरे के कारण हुए दर्दनाक सड़क हादसे में तीन सगे भाई-बहनों की जान चली गई। हरियाणा से अपने गांव लौट रहे इन तीनों को पहले पिकअप ने टक्कर मारी और फिर वे ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर फरार दोनों वाहन चालकों की तलाश शुरू कर दी है।

उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में रविवार सुबह घने कोहरे के कारण एक पिकअप वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल पर सवार तीन भाई-बहन सड़क पर गिर गए और इसी दौरान पीछे से आ रही ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें कुचल दिया, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतकों की पहचान देवपालपुर गांव निवासी शिवपाल (20) और उनकी बहनों पूजा देवी (18) तथा गायत्री देवी (19) के रूप में हुई है। तीनों हरियाणा में काम करते थे और एक ही मोटरसाइकिल से अपने गांव लौट रहे थे।

सूत्रों के अनुसार, हादसा सुबह करीब छह बजे तंबौर थाना क्षेत्र में हुआ। घने कोहरे के बीच तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे तीनों सड़क पर गिर गए। इसी दौरान पीछे से आ रही ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें कुचल दिया।

हादसे के बाद पिकअप और ट्रैक्टर-ट्रॉली के चालक अपने-अपने वाहन लेकर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूत्रों ने बताया कि दोनों फरार चालकों की तलाश की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़