Sonam Wangchuk पहुंचे ADM के सामने, Leh प्रशासन ने मांगा शांति बॉन्ड

Sonam Wangchuk पहुंचे ADM के सामने, Leh प्रशासन ने मांगा शांति बॉन्ड
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

लद्दाख में एलएएचडीसी चुनावों से पहले शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। इसके जवाब में वांगचुक बृहस्पतिवार को लेह के अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश हुए। नोटिस में उन पर सर्दियों में चुनाव के विरोध और भूख हड़ताल के आह्वान का आरोप लगाया गया है।

जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक लेह प्रशासन की ओर से जारी उस ‘कारण बताओ नोटिस’ के सिलसिले में बृहस्पतिवार को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश हुए, जिसमें उनसे पूछा गया था कि लद्दाख स्वायत्त पहाड़ी विकास परिषद (एलएएचडीसी) के आगामी चुनावों से पहले क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए क्यों न उनसे बॉण्ड भरवाया जाए। वांगचुक ने संविधान दिवस के मौके पर ‘एक्स’ पर नोटिस की प्रति साझा करते हुए कहा कि उन्हें बृहस्पतिवार सुबह समन मिला, जिसमें उनसे कहा गया है कि वह लेह के अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट के सामने पेश हों और स्पष्ट करें कि उनसे शांति बॉण्ड पर हस्ताक्षर क्यों न कराए जाएं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “वांगचुक आज लेह के अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (डेलेक्स नामग्याल) के समक्ष पेश हुए।

उन्हें यह स्पष्ट करना था कि एलएएचडीसी के आगामी चुनावों के संदर्भ में शांति बनाए रखने के लिए उनसे क्यों न बॉण्ड भरवाया जाए।” वांगचुक ने इस कार्रवाई के आधार पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शनों—जैसे धरना और भूख हड़ताल—का समर्थन किया है, यहां तक कि कड़ाके की ठंड के दौरान भी। वांगचुक ने तर्क दिया कि इस तरह के विरोध-प्रदर्शनों से केवल प्रदर्शनकारियों को ही कठिनाई होती है, जबकि दूसरों को इससे कोई नुकसान नहीं पहुंचता। उन्होंने एक बयान में कहा, “संविधान दिवस की शुभकामनाएं।

आज इस शुभ दिन पर मुझे केंद्र-शासित प्रदेश के प्रशासन की ओर से यह समन मिला है।” वांगचुक ने आरोप लगाया कि उनकी बातों को अक्सर “तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है”, ताकि उनका ऐसा मतलब निकाला जा सके, जो वह कहना ही नहीं चाहते। हालांकि, उन्होंने भरोसा जताया कि दस्तावेजी सबूत उनके पक्ष का समर्थन करेंगे। लेह के अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट की ओर से 25 नवंबर को जारी नोटिस में आरोप लगाया गया है कि वांगचुक ने सरकारी कर्मचारियों से चुनाव के दौरान सामूहिक अवकाश पर जाने की अपील की, जनता से सर्दियों में चुनाव के खिलाफ अपने प्रयास जारी रखने का आग्रह किया और लोगों से 26 नवंबर को इकट्ठा होने के लिए कहा।

इसमें 27 नवंबर से चार दिसंबर (मतदान की निर्धारित तारीख) तक भूख हड़ताल करने की कथित अपील का भी जिक्र किया गया है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़