SRFTI Kolkata ने वीसी से मारपीट और तोड़फोड़ के आरोप में 6 छात्रों को निकाला

SRFTI Kolkata ने वीसी से मारपीट और तोड़फोड़ के आरोप में 6 छात्रों को निकाला
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

सत्यजीत रे फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान ने कुलपति कार्यालय में तोड़फोड़ और स्टाफ से हाथापाई के मामले में छह विद्यार्थियों को निष्कासित कर दिया है। संस्थान ने 13 नवंबर तक शैक्षणिक गतिविधियां और मेस सेवाएं स्थगित करते हुए छात्रों को 24 घंटे में हॉस्टल खाली करने को कहा है। वहीं छात्र संघ ने इस कार्रवाई को गलत बताते हुए कानूनी कदम उठाने की बात कही है।

सत्यजीत रे फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान (एसआरएफटीआई) ने कुलपति और कर्मचारियों के साथ कथित तौर पर मारपीट तथा परिसर में अनुशासन भंग करने के आरोप में छह छात्रों को निष्कासित कर दिया है। संस्थान के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। इस बीच, परिसर की सुरक्षा को लेकर छात्रों का आंदोलन 18वें दिन भी जारी रहा।

वहीं, संस्थान ने एक अधिसूचना जारी कर फिल्म और इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया (ईडीएम) विभागों में नियमित शैक्षणिक गतिविधियां 13 नवंबर तक स्थगित कर दी है। इसके अलावा, छात्रावासों सहित परिसर में रहने वाले छात्रों को 24 घंटे के भीतर परिसर खाली करने का निर्देश दिया गया है। अधिसूचना के अनुसार, आगामी त्योहारों के समय और उनसे जुड़ी प्रशासनिक आवश्यकताओं को देखते हुए परिसर का कामकाज व्यवस्थित ढंग से चलाने के हित में ये कदम उठाए गए हैं।

अधिसूचना में कहा गया है कि छात्रावासों की मेस सेवाएं भी 13 नवंबर तक या अगले आदेश तक (इनमें से जो भी पहले हो) स्थगित रहेंगी। एसआरएफटीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि छायांकन, संपादन और फिल्म निर्माण सहित विभिन्न विभागों के डीन और प्रमुखों ने छह छात्रों को निष्कासित किया है। उन्होंने कहा कि कुलपति के कार्यालय में तोड़फोड़ की और उनके साथ मारपीट करने के आरोप में यह कार्रवाई की गई है।

आरोपों में परिसर की दीवारों पर आपत्तिजनक बातें लिखना भी शामिल था। अधिकारी ने पीटीआई-भाषा से कहा, छात्रों का एक वर्ग अपने हितों को आगे बढ़ाने के लिए स्थिति का राजनीतिकरण कर रहा है। उन्होंने परिसर की दीवारों और जमीन पर आपत्तिजनक नारे लिखे और कुलपति तथा अन्य शिक्षकों के साथ मारपीट की।

डीन और विभागाध्यक्षों को उन्हें निष्कासित करना पड़ा, हालांकि हम किसी का करियर खराब नहीं करना चाहते। छात्रों को संस्थान से निष्कासित किए जाने के बारे में पूछे जाने पर एसआरएफटीआई छात्र संघ के प्रवक्ता सुदीप चक्रवर्ती ने आरोप लगाया, “हममें से पांच को अनुचित तरीके से निष्कासन के ईमेल भेजे गए हैं और हम कानूनी कार्रवाई कर रहे हैं।”

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़