Kashmir Weather: Srinagar में ठंड से थोड़ी राहत, 3 से 8 दिसंबर तक Snowfall का अनुमान

Kashmir Weather
AI-Generated

कश्मीर में ठंड से मामूली राहत के बीच पहलगाम सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 3.4 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। घाटी के कई हिस्सों में घना कोहरा छाया रहा। इस बीच मौसम विभाग ने तीन से आठ दिसंबर के दौरान जम्मू-कश्मीर के पर्वतीय और मैदानी इलाकों में बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान जताया है।

 कश्मीर के कुछ हिस्सों में ठंड से थोड़ी राहत मिली और श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से दो डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में शुक्रवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से 2.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया था, जो इस मौसम की लगातार पांचवीं सबसे ठंडी रात थी। घाटी के कई हिस्से घने कोहरे की चादर में लिपटे रहे। पहलगाम कश्मीर का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 3.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

 यह पिछली रात के शून्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस नीचे के तापमान से कम था। दक्षिण कश्मीर में घाटी के प्रवेश द्वार माने जाने वाले काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से दो डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। उत्तरी कश्मीर में कुपवाड़ा में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.4 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा, जबकि प्रसिद्ध स्की रिसॉर्ट गुलमर्ग में यह शून्य डिग्री दर्ज किया गया। 

मौसम विभाग ने अगले सप्ताह जम्मू-कश्मीर में बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान जताया है। विभाग ने कहा, तीन से आठ दिसंबर तक मौसम में नमी रहने की संभावना है। इस दौरान रुक-रुक कर बारिश होगी। पहाड़ी इलाकों में केवल बर्फबारी होगी, जबकि मैदानी इलाकों में बारिश होगी। इसके बाद, जब मौसम थोड़ा और ठंडा होगा, तो मैदानी इलाकों में भी बर्फबारी देखने को मिल सकती है। 

चार से पांच दिसंबर के बीच कश्मीर संभाग के मैदानी इलाकों में छिटपुट से लेकर व्यापक स्तर पर हल्की से मध्यम बर्फबारी होने की भी संभावना है, जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में मध्यम से भारी बर्फबारी हो सकती है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़