Bhupender Yadav के आवास पर जुटेंगे NCPI सांसद, New Delhi में Suvendu Adhikari भी रहेंगे मौजूद

Suvendu Adhikari
ANI

केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के दिल्ली आवास पर एनसीपीआई सांसदों को आमंत्रित किया गया है, जहां पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। संसद के विशेष सत्र से पहले पार्टी सांसद जून मालिया और माला रॉय ने महिला आरक्षण विधेयक का समर्थन किया। मुख्यमंत्री ने भी इस विधेयक के पक्ष में अधिकतम वोट जुटाने की बात कही।

 एनसीपीआई सांसदों को रविवार शाम नयी दिल्ली में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के आवास पर आमंत्रित किया गया है और इस दौरान पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। पार्टी की सांसद जून मालिया ने यह जानकारी दी। संसद की चार दिवसीय विशेष बैठक की शुरुआत से एक दिन पहले राष्ट्रीय राजधानी के लिए रवाना होते समय मालिया और उनकी पार्टी सहयोगी माला रॉय ने महिला आरक्षण विधेयक का समर्थन किया। मालिया मेदिनीपुर की सांसद है और वह तृणमूल कांग्रेस के उन 20 सांसदों में से हैं, जो इस साल की शुरुआत में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पार्टी की हार के बाद पाला बदलकर ‘नेशलिस्ट सिटिजन्स पार्टी ऑफ इंडिया’ (एनसीपीआई) में शामिल हो गए थे। 

मेदिनीपुर की सांसद ने बताया कि उन्हें रविवार शाम नयी दिल्ली में केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव के आवास पर आमंत्रित किया गया है। मालिया ने कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय (एनएससीबीआई)हवाई अड्डे पर संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमारे मुख्यमंत्री (शुभेंदु अधिकारी) वहां मौजूद रहेंगे।’’ उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने सोमवार को नयी दिल्ली में एनसीपीआई सांसदों को दोपहर भोज पर आमंत्रित किया है।

 शुभेंदु ने शनिवार को कहा था कि संसद की विशेष बैठक शुरू होने के समय वह नयी दिल्ली में होंगे। उन्होंने कहा था कि वह यह सुनिश्चित करने की पूरी कोशिश करेंगे कि इस विधेयक के समर्थन में पश्चिम बंगाल के सांसदों के अधिक से अधिक वोट मिलें। मुख्यमंत्री ने कहा कि एनसीपीआई के रुख का समर्थन करने वाली तृणमूल सांसद शताब्दी रॉय ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि वह महिला आरक्षण विधेयक के पक्ष में वोट देंगी।

 माला रॉय ने हवाई अड्डे पर संवाददाताओं से कहा, ‘‘अगर यह विधेयक महिलाओं के हित में लाया गया है, तो इसका समर्थन किया जाना चाहिए।’’ मालिया ने कहा कि महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण होने से संसद और राज्य विधानसभाओं में लोगों का प्रतिनिधित्व करने में महिलाओं की भागीदारी भी बढ़ेगी। उन्होंने कहा, ‘‘यह समावेशी और प्रतिनिधि लोकतंत्र की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।’’

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़