Supreme Court ने दीपथून पर दीप जलाने का दिया आदेश, मंदिर का ट्रस्टी बोर्ड सस्पेंड

Supreme Court ने दीपथून पर दीप जलाने का दिया आदेश, मंदिर का ट्रस्टी बोर्ड सस्पेंड
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

शीर्ष अदालत ने आदेश की अवहेलना करने पर तमिलनाडु के अरुलमिगु सुब्रमण्यस्वामी मंदिर के न्यासी बोर्ड को निलंबित कर दिया है। पीठ ने 28 नवंबर को तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर दीपथून स्तंभ पर पारंपरिक कार्तिगई दीपम प्रज्वलित करने का निर्देश दिया। व्यवस्था संभालने के लिए दो सेवानिवृत्त न्यायाधीशों की समिति नियुक्त की गई है।

उच्चतम न्यायालय ने शुक्रवार को आदेश दिया कि 28 नवंबर को तमिलनाडु में दीपथून स्तंभ के ऊपर पारंपरिक कार्तिगई दीपम प्रज्वलित किया जाए तथा 20 नवंबर के अदालती आदेश की ‘‘जानबूझकर और खुलेआम अवहेलना’’ करने को लेकर अरुलमिगु सुब्रमण्यस्वामी मंदिर के न्यासी बोर्ड को निलंबित कर दिया। न्यायमूर्ति अरविंद कुमार और न्यायमूर्ति विपुल एम. पंचोली की पीठ ने मंदिर का प्रशासन संभालने के लिए सेवानिवृत्त न्यायाधीश न्यायमूर्ति एस. वैद्यनाथन और न्यायमूर्ति वी. पार्थिबन की दो सदस्यीय समिति नियुक्त की। देवता मुरुगन को समर्पित मदुरै स्थित अरुलमिगु सुब्रमण्यस्वामी मंदिर तमिलनाडु के सबसे महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों में से एक है।

न्यायालय ने अदालत द्वारा नियुक्त ‘रिसीवर’ को निर्देश दिया कि वे 24 नवंबर को उचैपिल्लयार मंडपम में जलाई गई ज्योति का उपयोग करके, तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी के शिखर पर स्थित विवादित दीपथून शिला स्तंभ पर पारंपरिक दीपक प्रज्वलित करना सुनिश्चित करें। शीर्ष अदालत ने कहा कि हर श्रद्धालु विवादित स्थल पर, पास की दरगाह से चारों तरफ कम से कम 50 मीटर की दूरी पर, दीया जला सकता है। पीठ ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) को यह निर्देश भी दिया कि वे दरगाह की सुरक्षा करें और यह सुनिश्चित करें कि वहां आने वाले लोगों को न तो कोई रोके और न ही उन्हें इबादत करने से रोका जाए।

न्यायालय ने मंदिर के न्यासियों को इस बात के लिए भी फटकार लगाई कि उन्होंने 20 नवंबर के उस आदेश का पालन नहीं किया, जिसमें 24 नवंबर को दीपथून (स्तंभ) के ऊपर कार्तिगई दीपम प्रज्वलित करने की एक बार के उपाय के रूप में अनुमति दी गई थी। शीर्ष अदालत ने कहा कि न्यासियों ने स्पष्ट रूप से यह रुख अपनाया कि वे इस आदेश को लागू नहीं करेंगे। पीठ ने कहा, ‘‘न्यासियों ने स्पष्ट रूप से यह रुख अपनाया है कि वे इस अदालत के आदेशों को लागू नहीं करेंगे।

यह उनकी ओर से किया गया एक गंभीर उल्लंघन है, जिसमें अन्य अधिकारी भी उनका साथ दे रहे हैं।’’ न्यायालय ने कहा कि मदुरै पहाड़ी पर उचिप्लियार मंदिर के पास पारंपरिक दीपा मंडपम में - दीपथून के बजाय - पारंपरिक दीपक जलाने के लिए न्यासियों द्वारा पारित प्रस्ताव, इस न्यायालय के अंतरिम आदेश की ‘‘जानबूझकर की गई और घोर अवहेलना’’ को दर्शाता है। शीर्ष अदालत ने कहा, ‘‘यह कार्य इस न्यायालय के अधिकार को कमजोर करने की एक जानबूझकर की गई कोशिश है, और उच्च न्यायालय में दिए गए शपथपत्र की घोर अवहेलना है।’’ न्यायालय ने कहा, ‘‘एक और बात जो इस अदालत को अंदर तक झकझोर देती है, वह बोर्ड का यह बयान है कि इन परंपराओं को अदालतों के संज्ञान में लाया जाना चाहिए।’’ बुधवार को, तमिलनाडु सरकार ने विवादित दीपथून पर पारंपरिक दीपक न जलाए जाने को लेकर शीर्ष अदालत से माफी मांगी और इसके लिए अरुलमिगु सुब्रमण्यस्वामी मंदिर के अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया। शीर्ष अदालत की अनुमति के बावजूद, वार्षिक कार्तिगई दीपम 24 नवंबर को केवल थिरुपरनकुंद्रम में पारंपरिक उचिपिल्लयार मंडपम में जलाया गया था।

मदुरै के अरुलमिगु सुब्रमण्यस्वामी मंदिर में कार्तिगई दीपम से जुड़ा विवाद इस बात को लेकर है कि तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर दीपक कहां और किसके द्वारा जलाया जाना चाहिए। कई दशकों से, पहाड़ी के निचले ढलान पर स्थित उचिप्लियार मंदिर के पास दीपा मंडपम में दीपक जलाया जाता रहा है। हिंदू समूहों ने पहाड़ी पर कुछ और ऊपर, दरगाह से लगभग 50 मीटर की दूरी पर स्थित दीपथून पर दीपक जलाने की अनुमति मांगी थी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़