Delhi Murder पर बोली स्वाति मालीवाल, कहा- सारी हदें पार होती रहेंगी, अपराधियों के हौसले बुलंद

swati maliwal dcw
प्रतिरूप फोटो
ANI Image
रितिका कमठान । May 29 2023 3:05PM

दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने दिल्ली के शहबाद डेयरी में हुई हत्या की घटना पर बयान जारी किया है। स्वाति मालीवाल ने दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी कर संज्ञान लिया है। यहां शाहबाद डेयरी इलाके में साहिल नामक युवक ने 16 वर्षीय नाबालिग लड़की की हत्या की है।

दिल्ली के शाहबाद डेयरी इलाके में सनसनी खेज वारदात का खुलासा हुआ है। यहां एक युवक ने 16 वर्षीय नाबालिग लड़की की बेरहमी से हत्या कर दी। इस मामले पर अब दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल का भी बयान सामने आया है। उन्होंने इस मामले पर संज्ञान लिया है। 

इस मामले पर दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने ट्वीट कर कहा, 'दिल्ली के शाहबाद डेयरी इलाके में एक नाबालिक मासूम गुड़िया को चाकू से गोद कर मारा गया और उसके बाद पत्थर से उसे कुचल दिया गया। दिल्ली में दरिंदों के हौसले बुलंद है। पुलिस को नोटिस जारी कर रहे है। सभी हदें पार हो गई है। मैंने इतने सालों के करियर में इससे भयानक कुछ नहीं देखा है।'

महिलाओं के लिए असुरक्षित दिल्ली

उन्होंने कहा कि एक 16 वर्षीय को 40-50 बार चाकू मारा गया और फिर पत्थर से कई बार वार किया गया जिसके बाद उसकी मौत हो गई। यह सब सीसीटीवी में कैद हो गया है। कई लोगों ने इसे देखा लेकिन ध्यान नहीं दिया। दिल्ली महिलाओं और लड़कियों के लिए बेहद असुरक्षित हो गई है। उन्होंने कहा कि मैं केंद्र सरकार से केंद्रीय गृह मंत्री, दिल्ली के उपराज्यपाल, दिल्ली के मुख्यमंत्री और दिल्ली महिला आयोग की प्रमुख के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक बुलाने की अपील करती हूं।

ये है मामला

उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के शाहबाद डेयरी इलाके में 16 वर्षीय लड़की की कथित तौर पर उसके प्रेमी ने चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। शाहबाद डेयरी इलाके में 16 वर्षीय लड़की पर लड़के ने सरेआम चाकू से 40 बार वार किया है और उसकी  हत्या कर दी। आरोपी ने कथित तौर पर उसे पत्थर से कुचल कुचल कर मार दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि लड़की शाहबाद डेयरी में जे. जे. कॉलोनी की निवासी थी। वह सड़क पर बदहवास हालत में मिली। अधिकारी ने बताया कि वह सड़क से गुजर रही थी जब लड़के ने उसे रोका और उस पर हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि दोनों के बीच प्रेम संबंध थे और शनिवार को उनके बीच झगड़ा हुआ था। 

रविवार को लड़की अपनी दोस्त के बेटे के जन्मदिन की पार्टी में जा रही थी जब लड़के ने उसे रास्ते में रोका और उस पर हमला कर दिया। पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम से ही पुष्टि होगी कि उस पर कितनी बार चाकू से वार किया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी फरार है और उसकी तलाश जारी है। लड़की के पिता की शिकायत के आधार पर शाहबाद डेयरी थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस जल्द करेगी आरोपी को गिरफ्तार
इस मामले में दिल्ली पुलिस की प्रवक्ता सुमन नलवा का कहना है कि आरोपी की पहचान हो गई है। कई टीमें बनाई गई हैं जो मामले की जांच में जुटी हुई है। आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़